back to top
Wednesday, November 4, 2026
Homeराज्यदिवाली से पहले इंदौर में छापे: 11 प्रतिष्ठानों से 26 खाद्य नमूने...

दिवाली से पहले इंदौर में छापे: 11 प्रतिष्ठानों से 26 खाद्य नमूने जब्त

दीपावली पर्व से पहले इंदौर में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन और नापतोल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 11 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की और कुल 26 खाद्य नमूने संग्रहित किए। यह अभियान त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा छापा इंदौर

## डेयरी और मिष्ठान भंडारों पर कार्रवाई

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल मनोज पुष्प के निर्देशन और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। छोटा बांगड़दा स्थित मुस्कान डेयरी से पनीर, ट्रेडिशनल स्वीट्स और घी के 3 नमूने लिए गए। स्कीम नंबर 51 स्थित स्नेहल डेयरी से पनीर और घी के 2 नमूने संग्रहित किए गए। राधास्वामी नगर, चितावद रोड स्थित राममोहन दूध दही भंडार से दूध का 1 नमूना लिया गया।

## असत्यापित तौल उपकरण जब्त, प्रकरण दर्ज

एसडीए कंपाउंड, मूसाखेड़ी स्थित श्री बसंत इंटरप्राइजेज का शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। वहां से कीर्ति गोल्ड रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। नापतोल विभाग ने तेल के पैकेटों की जांच की, जिसमें पैकेटों पर आवश्यक घोषणाएं और वजन नियमानुसार पाए गए। हालांकि प्रतिष्ठान में उपयोग हो रहे इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण असत्यापित पाए जाने पर उन्हें जब्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी क्षेत्र में फार्मर्स मिल्क कार्ट से मावा, मिल्क केक, रसगुल्ला और केसर पेड़ा के 4 नमूने लिए गए। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। नापतोल विभाग ने प्रतिष्ठान में उपयोग हो रहा असत्यापित बाट भी जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।

## कमियों पर नोटिस, कई और प्रतिष्ठानों से नमूने

साउथ तुकोगंज स्थित श्रीवारी फूड वेंचर्स से उड़द दाल का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमियां मिलीं और खाद्य कारोबारकर्ताओं के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में सुधार के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। पगनिशपागा स्थित एस.एस. ट्रेडिंग फर्म से पराग वनस्पति, माधव गोल्ड किचिन रिफाइंड तेल, रामदेव शिवाय वनस्पति और दिव्य अमृत लाइट फैट कुकिंग मीडियम के 4 नमूने लिए गए। खातीवाला टैंक स्थित पूजा नमकीन भंडार से मूंगफली तेल, बेसन और सोनपापड़ी के 3 नमूने संग्रहित किए गए।

## मैजिक बॉक्स से प्रारंभिक परीक्षण

तेजाजी नगर स्थित नवशक्ति दूध डेयरी एंड स्वीट्स में भंडारित मावा और पनीर का मैजिक बॉक्स व टेस्ट किट से प्रारंभिक परीक्षण किया गया। इस प्रतिष्ठान से मावा, पनीर, मावा रोल और पेड़ा के 4 नमूने लिए गए। इसी क्षेत्र के श्री कृष्णा दूध दही भंडार से मिश्रित दूध का 1 नमूना और खंडवा नाका स्थित सांवरिया दूध डेयरी से गुपचुप और केसर पेड़ा के 2 नमूने संग्रहित किए गए।

## स्ट्रीट वेंडर्स को किया जागरूक

निरीक्षण अभियान के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने उच्च न्यायालय और एलआईसी कार्यालय परिसर के आसपास संचालित स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। उन्हें खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के बारे में जागरूक किया गया।

## प्रयोगशाला भेजे गए सभी नमूने

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी 26 खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से मिलने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments