बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी उनके फैंस इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इस बार चर्चा कुछ ज्यादा ही तेज है। वजह है मुंबई में उनके बंगले मन्नत पर लगी एक बड़ी स्क्रीन, जिसका वीडियो सामने आने के बाद से ही कयासों का दौर शुरू हो गया है।

मन्नत पर लगी स्क्रीन से बढ़ा सस्पेंस
शाहरुख के बंगले मन्नत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बंगले के सामने के हिस्से पर एक बड़ी स्क्रीन लगी दिखाई दे रही है। इसे देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि जन्मदिन के मौके पर इस स्क्रीन पर फिल्म ‘किंग’ से जुड़ा कोई खास सरप्राइज दिखाया जा सकता है। खबरों के अनुसार यह खुलासा शाहरुख के जन्मदिन के मौके पर ही होगा। हालांकि फिल्म के मेकर्स ने अभी तक साफ नहीं किया है कि यह कोई टीजर होगा, कोई गाना होगा या कोई और प्रमोशनल चीज। खबरों में मन्नत की कीमत करीब 200 करोड़ रुपये बताई जाती है।
सिद्धार्थ आनंद के संकेतों ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म ‘किंग’ के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार तीन दिनों तक ठीक आधी रात को तीन अलग-अलग पोस्ट शेयर किए। जब फैंस ने इन तीनों संदेशों को आपस में जोड़ा तो एक लाइन सामने आई, ‘इट्स टाइम फॉर द वर्ल्ड टू सेलिब्रेट’, यानी अब दुनिया के जश्न मनाने का समय आ गया है। ‘पठान’ जैसी ब्लॉकबस्टर के बाद शाहरुख और सिद्धार्थ एक बार फिर साथ आ रहे हैं, इसलिए इस टाइमिंग ने फैंस के मन में यह पक्का कर दिया है कि 2 नवंबर की आधी रात को कुछ धमाकेदार सामने आ सकता है।
एड शीरन और अरिजीत सिंह के गाने की चर्चा
इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म ‘किंग’ में ब्रिटिश सिंगर एड शीरन और भारतीय गायक अरिजीत सिंह का एक खास गाना शामिल है। चर्चा है कि शाहरुख के जन्मदिन के मौके पर इसी गाने या फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है। हालांकि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जन्मदिन का क्रेज सिर्फ मन्नत तक सीमित नहीं है। शाहरुख के सम्मान में मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक को भी शानदार तरीके से रोशन किया गया है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। खुद शाहरुख ने 1 नवंबर को एक पोस्ट में फैंस के प्यार के लिए शुक्रिया भी कहा।
कैसी होगी फिल्म ‘किंग’
‘किंग’ एक क्राइम एक्शन-थ्रिलर फिल्म बताई जा रही है, जिसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। अभिषेक बच्चन इसमें खतरनाक विलेन के रूप में दिखेंगे, जबकि दीपिका पादुकोण की लंबी स्पेशल अपीयरेंस होगी। जयदीप अहलावत और राघव जुयाल भी फिल्म का हिस्सा हैं। खबरों के अनुसार यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इसके अलावा फिल्म के ओवरसीज राइट्स करीब 175 करोड़ रुपये में बिकने की भी चर्चा है, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड बताया जा रहा है। अब सबकी नजरें 2 नवंबर की आधी रात पर टिकी हैं।

