भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को रविवार को खेल सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली। खेल ग्राम नाथू बरखेड़ा में करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह परिसर प्रदेश के खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए एक बड़ा कदम है और इससे मध्य प्रदेश में खेलों को नई दिशा मिलेगी। लोकार्पण समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

134 एकड़ में फैला अत्याधुनिक परिसर
लगभग 134 एकड़ में फैले इस विशाल खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल और सुविधाएं मिल सकेंगी। परिसर के मुख्य हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) की श्रेणी-1 की मान्यता मिली है, जो मध्य प्रदेश के किसी भी स्टेडियम के लिए पहली बार है। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि परिसर के अगले चरणों पर भी काम चल रहा है और सरकार भोपाल को देश की प्रमुख खेल राजधानी के रूप में विकसित करना चाहती है।
छह देशों की टीमों ने किया मार्चपास्ट
लोकार्पण समारोह के दौरान महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में भाग ले रही छह देशों की टीमों ने मार्चपास्ट किया। भारत, चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं, जो 19 से 28 नवंबर तक इसी परिसर में खेली जा रही है। गत चैंपियन भारतीय टीम ने रविवार को थाईलैंड को 7-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। समारोह के बाद प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह की प्रस्तुति ने दर्शकों में उत्साह भर दिया और मुख्यमंत्री ने मौजूद लोगों से अपने मोबाइल की टॉर्च जलाने की अपील की।
पदक विजेता खिलाड़ियों को 9.23 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
समारोह में एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से कुल 9 करोड़ 23 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि चेक के माध्यम से दी गई। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और मध्य प्रदेश में 28 प्रतिशत युवा आबादी है, इसलिए खेलों में निवेश का सीधा लाभ प्रदेश के युवाओं को मिलेगा। खेल मंत्री सारंग ने बताया कि खेलों की राष्ट्रीय रैंकिंग में मध्य प्रदेश पहले 17वें स्थान पर था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है और सरकार का लक्ष्य आने वाले दो वर्षों में प्रदेश को देश के सबसे बेहतर खेल सुविधाओं वाले राज्यों में शामिल करना है।
भोपाल को पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का प्रस्ताव
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सफल आयोजन से उत्साहित हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश को अगले पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का प्रस्ताव दिया है, जिसे राज्य के खेल विभाग ने सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने रविवार को भोपाल दौरे के दौरान यह प्रस्ताव रखा था। इसके अलावा खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। सरकार प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में खेल परिसर विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है।

