अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 3 बॉक्स ऑफिस पर दूसरे हफ्ते में भी अपनी रफ्तार बनाए हुए है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन, यानी 9 अक्टूबर को लगभग 14.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इस दिन फिल्म देशभर में करीब 14,583 शोज में चली। आठवें दिन की इस कमाई के बाद भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 260 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 312 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।


300 करोड़ के क्लब में एंट्री
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ के ग्रॉस आंकड़े को पार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। आठवें दिन विदेशों से करीब 6 करोड़ रुपये आए, जिसके बाद ओवरसीज कलेक्शन 95 करोड़ रुपये ग्रॉस तक पहुंच गया। घरेलू और विदेशी कमाई को जोड़कर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 407 करोड़ रुपये हो चुका है।
दूसरे हफ्ते में भी बढ़त जारी
ट्रेड पंडितों के अनुसार, फिल्म को इस शुक्रवार का फायदा भी मिला, क्योंकि इस हफ्ते बॉलीवुड की कोई नई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई। इसकी वजह से दृश्यम 3 के शोज पर असर नहीं पड़ा और कमाई स्थिर बनी रही। सातवें दिन के मुकाबले आठवें दिन फिल्म की कमाई में करीब 11.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जो दूसरे हफ्ते में दुर्लभ मानी जाती है।
आठ दिनों का कलेक्शन चार्ट
फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये के साथ धमाकेदार शुरुआत की थी। दूसरे दिन 53.50 करोड़, तीसरे दिन 61 करोड़, चौथे दिन 21 करोड़, पांचवें दिन 19.50 करोड़, छठे दिन 15.50 करोड़, सातवें दिन 13 करोड़ और आठवें दिन 14.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वीकेंड के आंकड़े बताते हैं कि फिल्म का ओपनिंग वीकएंड बेहद मजबूत रहा था।
बजट के मुकाबले बंपर प्रॉफिट
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का बजट करीब 110 करोड़ रुपये बताया गया है। 407 करोड़ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मुकाबले फिल्म का प्रॉफिट 270 फीसदी से ज्यादा पहुंच चुका है। इसी के साथ दृश्यम 3 साल 2026 की पांचवीं सबसे ज्यादा प्रॉफिट देने वाली फिल्म बन गई है। इस सूची में पहले नंबर पर हनुमान अंश, दूसरे पर धुरंधर 2, तीसरे पर आवारापन 2 और चौथे पर मिर्जापुर द मूवी है।
हनुमान अंश भी दौड़ में
बॉक्स ऑफिस पर दृश्यम 3 के अलावा नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश की भी चर्चा है। यह फिल्म रिलीज के 64वें दिन भी कमाई कर रही है। 9 अक्टूबर को फिल्म को तेलुगू भाषा में भी रिलीज किया गया, जिससे इसे 1.20 करोड़ रुपये मिले, जिसमें तेलुगू ओपनिंग 60 लाख रुपये रही। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 329.18 करोड़ और ग्रॉस 388.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 428.82 करोड़ रुपये हो चुकी है।


