इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में नशे के सामान की खुलेआम बिक्री को लेकर पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में इस अवैध कारोबार पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आकाश विजयवर्गीय प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र हैं।
![]()
चार नवंबर को लिखा गया था पत्र
यह पत्र चार नवंबर को लिखा गया था, लेकिन बुधवार को यह सार्वजनिक रूप से सामने आया। पत्र में आकाश विजयवर्गीय ने लिखा है कि बाणगंगा क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर उन्हें स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि इस समस्या के बारे में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है, इसके बावजूद नशे के अवैध धंधे पर लगाम नहीं लग पाई है। पूर्व विधायक ने पुलिस कमिश्नर से आग्रह किया है कि इस मामले में कठोर कदम उठाकर अवैध बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
मंत्री के विधानसभा क्षेत्र का मामला
बाणगंगा क्षेत्र मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए वहां से नशे की बिक्री की लगातार शिकायतें मिलना स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मंत्री विजयवर्गीय स्वयं भी सार्वजनिक मंचों से युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते रहे हैं। हाल ही में विजय नगर में आयोजित दशहरा और रावण दहन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया था। विधानसभा चुनाव से पहले भी मंत्री विजयवर्गीय ने यह संकल्प दोहराया था कि उनके विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक से नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के आंकड़े
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन और क्राइम ब्रांच की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के आंकड़े भी सामने आए हैं। क्राइम ब्रांच ने एक जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 89 प्रकरण दर्ज करते हुए 196 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3.46557 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 426.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। जब्त किए गए मादक पदार्थों और तस्करी में इस्तेमाल वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4,48,82,000 रुपये आंकी गई है।

