ओप्पो जल्द ही अपनी A-सीरीज में एक और नया 5G स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी इस फोन को Oppo A7 Ultra के नाम से बाजार में उतार सकती है। टिपस्टर Digital Chat Station ने अपनी हालिया पोस्ट में बताया है कि यह फोन दिसंबर 2026 के आसपास बाजार में आ सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 12,000mAh की विशाल बैटरी हो सकती है।
![]()
ओप्पो का अब तक का सबसे बड़ी बैटरी वाला फोन
रिपोर्ट्स के अनुसार Oppo A7 Ultra को 10,000mAh से ऊपर की बैटरी कैटेगरी के स्मार्टफोन के तौर पर पेश किया जा सकता है। टिपस्टर का कहना है कि इसमें 12,000mAh की बैटरी देखने को मिल सकती है। अगर ऐसा हो जाता है तो यह ओप्पो का अब तक का सबसे बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन हो सकता है। हालांकि, डिवाइस के प्रोसेसर, डिस्प्ले, चार्जिंग स्पीड और कीमत का खुलासा नहीं हुआ है। हाल के महीनों में बड़ी बैटरी वाले फोन का ट्रेंड तेज हुआ है और कंपनियां एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में बैटरी क्षमता बढ़ा रही हैं।
डिजाइन कैसा होगा
डिजाइन को लेकर कहा जा रहा है कि Oppo A7 Ultra का डिजाइन हाल ही में सामने आए Oppo PNC110 स्मार्टफोन से मिलता-जुलता है। इस डिवाइस की तस्वीरें चीन की MIIT वेबसाइट पर देखी गई थीं। तस्वीरों में फोन पर्पल कलर में दिख रहा है। इसके रियर पैनल पर हॉरिजॉन्टल पिल शेप कैमरा मॉड्यूल देखने को मिल रहा है। फोन में पीछे की तरफ दो कैमरा सेंसर और LED फ्लैश दिख रही है। कैमरा मॉड्यूल पर AI Camera System लिखा हुआ भी दिख रहा है। फ्रंट में फ्लैट डिस्प्ले और बीच में पंच-होल सेल्फी कैमरा देखने को मिल सकता है। फोन में पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर भी देखने को मिलेंगे।
5G कनेक्टिविटी और डुअल सिम सपोर्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फोन 5G कनेक्टिविटी और डुअल सिम सपोर्ट के साथ आएगा। A-सीरीज ओप्पो की मिड-रेंज लाइनअप है, इसलिए उम्मीद है कि यह फोन बड़ी बैटरी के साथ किफायती कीमत पर पेश किया जा सकता है। हालांकि, कीमत और बिक्री की तारीख को लेकर अभी कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है।
अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
कंपनी ने अभी इस फोन के नाम, लॉन्च डेट या फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए दिसंबर में लॉन्च और 12,000mAh बैटरी की खबर को अभी लीक और रिपोर्ट के तौर पर ही देखा जाना चाहिए। ओप्पो की तरफ से आधिकारिक ऐलान के बाद ही फोन की असली खूबियां और कीमत साफ हो पाएगी।

