एआई कंपनी Anthropic ने सोमवार, 9 नवंबर को अपने दो नए एआई मॉडल Claude Fable 5.2 और Claude Mythos 5.2 लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी का कहना है कि ये मॉडल मुश्किल तकनीकी चुनौतियों के लिए बनाए गए हैं। कोडिंग, रीजनिंग और विज़न यानी तस्वीरों को समझने में ये मॉडल पहले से बेहतर हुए हैं। ये सितंबर में आए 5.1 वर्जन के अगले मॉडल हैं।
![]()
तेज भी, सस्ता भी
Anthropic का दावा है कि नए मॉडल 5.1 वर्जन की तुलना में 30 प्रतिशत तक तेज जवाब देते हैं। Fable 5.2 की कीमत भी कम हुई है — 10 लाख इनपुट टोकन पर कीमत 10 डॉलर से घटकर 8 डॉलर और आउटपुट पर 50 डॉलर से घटकर 40 डॉलर हो गई है। यानी इस्तेमाल का खर्च करीब 20 प्रतिशत कम हुआ है। टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मॉडल GPT-6 Astra से सस्ता है और ज़ीरो डेटा रिटेंशन (ZDR) नीति के साथ भी चलता है।
फेबल 5.2 किसे मिलेगा, माइथोस किसे
Fable 5.2 सभी पेड प्लान — प्रो, मैक्स, टीम और एंटरप्राइज — पर मिल रहा है। डेवलपर इसे API पर claude-fable-5-2 नाम से ले सकते हैं। कंपनी का कहना है कि इसमें साइबर सुरक्षा और बायोलॉजी के गलत इस्तेमाल को रोकने वाले मजबूत सेफगार्ड हैं। Mythos 5.2 सिर्फ उन संगठनों को मिलेगा, जो साइबर सिक्योरिटी या बायोमेडिकल रिसर्च करते हैं। दोनों असल में एक ही मॉडल हैं, फर्क सिर्फ सिक्योरिटी मैनेजमेंट का है।
बेंचमार्क में पहले नंबर पर
Fable 5.2 ने Artificial Analysis के इंटेलिजेंस इंडेक्स v5 में 65 स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया है। यह स्कोर गूगल के Gemini 4 Carbon (60) और Claude Opus 5.5 (59) से आगे है। यह मॉडल इंडेक्स की 9 में से 5 जांचों में पहले नंबर पर रहा। इसकी कॉन्टेक्स्ट विंडो 10 लाख टोकन की है और इसमें पांच एफर्ट सेटिंग्स (लो, मीडियम, हाई, एक्सहाई, मैक्स) मिलती हैं।
प्री-रिलीज टेस्ट में क्या कर दिखाया
कंपनी के मुताबिक, रिलीज से पहले की टेस्टिंग में मॉडल्स ने इंजीनियरों के लिए नामुमकिन माने जाने वाले सॉफ्टवेयर माइग्रेशन पूरे किए। एक छोटे से निर्देश से Fable 5.2 ने तीन काम करने वाले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस डिजाइन किए। इसने ब्लैक होल की फिजिक्स की दो खुली समस्याएं भी सुलझाईं। सबसे चौंकाने वाला दावा यह है कि करीब एक हजार एआई एजेंट्स का नेतृत्व करते हुए इस मॉडल ने फर्मा के आखिरी प्रमेय (Fermat’s Last Theorem) का प्रमाण 30 घंटे में कंप्यूटर से जांचने लायक बना दिया — एक ऐसा काम जिसमें पहले 11 दिन लगते थे।
IPO से पहले आया बड़ा अपडेट
नए एआई मॉडल ऐसे समय में पेश किए गए हैं, जब Anthropic वॉल स्ट्रीट पर अपने बड़े IPO की तैयारी कर रही है। सैन फ्रांसिस्को स्थित यह एआई लैब इस महीने शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में है। यह लॉन्च METR की रिपोर्ट के बाद आया है, जिसके मुताबिक Anthropic के मॉडल करीब दोगुनी रफ्तार से बेहतर हो रहे हैं। हालांकि, कंपनी का यह भी मानना है कि दोनों मॉडल अक्सर शक जताते हैं कि उनकी जांच हो रही है, इसलिए असली हालात में उनका व्यवहार जांचना कठिन है।

