आज के दौर में जहां एक तरफ लोग टॉक्सिक वर्क कल्चर को लेकर परेशान हैं, वहीं इंदौर के एक स्टार्टअप ने अपने कर्मचारियों को दिवाली पर पूरे सात दिन की छुट्टी देकर सबका दिल जीत लिया है। इंदौर बेस्ड डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी फीडबॉक्स की इस लीव पॉलिसी की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है और कंपनी में नौकरी के लिए लोगों की लाइन लग गई है।
![]()
कंपनी के को-फाउंडर यश कुलश्रेष्ठ ने लिंक्डइन पर दिवाली के मौके पर कंपनी का हॉलिडे कैलेंडर शेयर किया था। यह पोस्ट इतनी तेजी से वायरल हुई कि कंपनी को महज 24 घंटे के भीतर 250 से ज्यादा नौकरी के आवेदन मिल गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आवेदन करने वालों में सिर्फ इंटर्न और फ्रेशर्स ही नहीं, बल्कि ऑपरेशंस हेड और सीएक्सओ लेवल के प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं।
7 दिन की छुट्टी का कैलेंडर
फीडबॉक्स का दिवाली हॉलिडे कैलेंडर इस तरह बनाया गया था कि कर्मचारियों को परिवार के साथ पूरा समय मिल सके। 4 नवंबर को ऑफिस में सभी कर्मचारियों को मिठाइयां और दिवाली गिफ्ट्स बांटे गए। 5 और 6 नवंबर को वर्क-फ्रॉम-होम दिया गया, ताकि इंदौर से बाहर के कर्मचारी ट्रैफिक और भीड़ से बचते हुए समय पर अपने घर पहुंच सकें और घर से ही काम कर सकें। 7 नवंबर से दिवाली की छुट्टियां शुरू हो गईं और आधे दिन का ब्रेक भी दिया गया, ताकि कर्मचारी बिना हड़बड़ी के त्योहार मना सकें। पूरे एक हफ्ते के इस ब्रेक के बाद सभी कर्मचारी 11 नवंबर को ऑफिस लौटेंगे।
हर साल की परंपरा, पब्लिसिटी स्टंट नहीं
यश कुलश्रेष्ठ के मुताबिक यह कोई एक बार का पब्लिसिटी स्टंट नहीं है। कंपनी कई सालों से ऐसा करती आ रही है और सोशल मीडिया पर मिलने वाले अटेंशन के बिना भी इसे जारी रखना चाहती है। उनकी टीम के लगभग सभी सदस्य इंदौर से बाहर के रहने वाले हैं। आम तौर पर त्योहारों पर घर जाने में ही लोगों का आधा समय सफर में ही बीत जाता है, इसलिए कंपनी चाहती है कि कर्मचारियों को परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का पूरा मौका मिले।
कंपनी की लीव पॉलिसी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसे कड़े नियम की तरह लागू नहीं किया गया। मैनेजमेंट ने कर्मचारियों को खुली छूट दी थी कि अगर किसी को परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए छुट्टियां बढ़ानी हों तो वह भी कर सकता है।
काम कैसे संभाला जाता है
2019 में स्थापित फीडबॉक्स यूनिकॉर्न, लिस्टेड कंपनियों और फंडेड स्टार्टअप्स के साथ काम करती है। कंपनी छुट्टियों से कम से कम तीन सप्ताह पहले क्लाइंट्स को इसकी जानकारी दे देती है, जिससे टीम को अपना काम समेटने का पूरा समय मिल जाता है। इस दौरान कंपनी नए काम लेने से भी बचती है। कंपनी अब आए हुए रिज्यूमे को भविष्य की हायरिंग, खासकर वीडियो एडिटर्स और एआई एडिटर्स की भर्ती के लिए सुरक्षित रख रही है।

