मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और अभिनेता भुवन बाम शुक्रवार को इंदौर पहुंचे। उनका नया शो जल्द ही एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाला है, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री संजीदा शेख भी अहम किरदार में नजर आएंगी। इंदौर में भुवन ने अपने करियर, दोस्ती और जिंदगी से जुड़े कई अनुभव साझा किए। उन्होंने परफेक्शन, दोस्ती और युवाओं के करियर को लेकर ऐसी बातें कहीं, जो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई हैं।
![]()
परफेक्शन की दौड़ से बढ़ती है ओवरथिंकिंग
भुवन ने बताया कि उन्होंने शास्त्रीय गायन सीखा है, अभिनय करते हैं और कंटेंट राइटर भी हैं, लेकिन किसी एक काम में परफेक्ट होने की चाह नहीं रखते। उन्होंने कहा कि वे किसी एक काम में परफेक्ट नहीं होना चाहते, क्योंकि हम किसी एक चीज को परफेक्ट बनाने में ही लगे रहते हैं, जिससे ओवरथिंकिंग बढ़ जाती है। भुवन के मुताबिक परफेक्शन से दुनिया नहीं चलती, इसलिए जरूरी है कि जो आपको आता है, उसमें थोड़ा-थोड़ा सबमें अच्छा करें। उनकी यह बात युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश मानी जा रही है।
22 साल पुरानी दोस्ती आज भी कायम
अपने दोस्तों के बारे में बात करते हुए भुवन ने कहा कि आजकल दोस्तों के बीच वाट्सएप पर ही गाली-गलौज हो जाती है, लेकिन उनके पांच दोस्त ऐसे हैं जो पिछले 22 साल से उनके साथ हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में उन्होंने दोस्त नहीं बनाए और अब जो लोग मिलते हैं, उनके साथ बचपन जैसी बेवकूफियों भरी दोस्ती नहीं हो सकती। भुवन ने कहा कि उनके किसी भी दोस्त का संबंध उनकी फील्ड से नहीं है और सभी के काम अलग-अलग हैं। वे करीब पांच महीने में एक बार मिलते हैं, एक-दूसरे का हालचाल पूछते हैं और इस दौरान पुराने गिले-शिकवे भी दूर कर लेते हैं।
युवाओं को संदेश: पहला कदम उठाना सबसे जरूरी
फिल्म और मनोरंजन की दुनिया में आने वाले युवाओं को संदेश देते हुए भुवन ने कहा कि पहला कदम उठाना सबसे जरूरी और मुश्किल होता है। उस समय मन में कई तरह के सवाल आते हैं कि यह काम करना चाहिए या नहीं, लेकिन अगर दिल कह रहा है तो कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो होगा, देखा जाएगा, यही सोचकर आगे बढ़ना चाहिए। भुवन ने यह भी बताया कि जब उनके पास काम नहीं होगा तो वह घूमने निकल जाएंगे, क्योंकि उन्हें घूमने का शौक है और घूमने से दिमाग खुलता है।
संजीदा शेख बोलीं- कॉमेडी आसान काम नहीं
अभिनेत्री संजीदा शेख ने कहा कि कलाकारों को अलग-अलग तरह के किरदार निभाने पड़ते हैं और किसी भी प्रोजेक्ट में सेट का माहौल अच्छा होना बहुत जरूरी है। सेट पर जितना सकारात्मक माहौल होगा, कलाकारों का काम उतना ही बेहतर निखरेगा। कॉमेडी को लेकर संजीदा ने कहा कि यह आसान काम नहीं है, इसमें टाइमिंग बहुत मायने रखती है और अगर टाइमिंग गलत हो जाए तो दर्शक भी उस कॉमेडी का आनंद नहीं ले पाएंगे। संजीदा ने अपनी बेटी के बारे में बात करते हुए कहा कि काम की व्यस्तता के कारण उन्हें उसकी याद आती है। उन्होंने अपनी बेटी को काम की दुनिया से अलग रखा है और उसे सेट पर भी लेकर नहीं जाती हैं।

