इंदौर में प्रतिबंधित पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम के अवैध कारोबार पर औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शहर के दो ठिकानों पर छापा मारकर ‘गोरी’ ब्यूटी क्रीम के 300 से अधिक पैकेट जब्त किए। जब्त क्रीम की बाजार कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस क्रीम में तय सीमा से कहीं ज्यादा पारा और दूसरी जहरीली धातुएं मिली हो सकती हैं, इसलिए जब्त किए गए सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
![]()
रानीपुरा और छावनी में छापेमारी
औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने सबसे पहले रानीपुरा इलाके में स्थित द ब्यूटी बार दुकान की जांच की, जहां से क्रीम के कुछ पैकेट मिले। इसके बाद टीम छावनी क्षेत्र में स्थित पद्मश्री एजेंसी पहुंची। वहां से ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा हुआ क्रीम का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ। इसी एक ठिकाने से 300 पैकेट जब्त किए गए। उप औषधि नियंत्रक नवनीत प्रताप सिंह ने बताया कि बिना अनुमति के बेची जा रही इस क्रीम की पूरी खेप जब्त कर ली गई है और नमूनों को परीक्षण के लिए लैब भेजा गया है।
नागपुर में 18 महिलाओं की किडनी खराब
इस क्रीम का खतरा कोई नया नहीं है। महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले दो साल के दौरान इस क्रीम का इस्तेमाल करने वाली 18 महिलाओं की किडनी में गंभीर बीमारी सामने आई थी। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में क्रीम में पारे की मात्रा तय मानक से कई गुना अधिक पाई गई थी। खतरे को देखते हुए विभाग ने क्रीम की बिक्री और इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगा दी थी। इंदौर में हुई इस कार्रवाई के बाद लोगों से ऐसी क्रीम से दूर रहने की अपील की जा रही है।
आयात पर रोक के बावजूद बिक्री जारी
भारत सरकार ने 2 मई 2025 को पाकिस्तान में बने या वहां से निर्यात किए गए सभी सामानों के सीधे और तीसरे देश के रास्ते आयात तथा पारगमन पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद देश के बाजारों में यह क्रीम बिकती रही। सितंबर 2026 में केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर जनस्वास्थ्य अलर्ट जारी किया था। जांच में सामने आया था कि इन दोनों प्रसाधनों को भारत में बिक्री के लिए जरूरी आयात पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं मिला था और इनमें तय सीमा से अधिक जहरीली भारी धातुएं पाई गई थीं।
लोगों को सलाह: क्रीम खरीदने से पहले जांचें
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने लोगों को इन क्रीमों को न खरीदने और इनका इस्तेमाल तुरंत बंद करने की सलाह दी है। दुकानदारों और संस्थानों को इनकी बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गोरी होने का दावा करने वाली क्रीमों में अक्सर पारा जैसी खतरनाक धातुएं मिली होती हैं, जो त्वचा के साथ-साथ किडनी को भी नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए कोई भी ब्यूटी क्रीम खरीदने से पहले उसके लेबल, पंजीकरण और मानक की जांच जरूर करनी चाहिए।

