back to top
Saturday, November 7, 2026
Homeराज्यइंदौर: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो मावा की बिक्री पर...

इंदौर: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो मावा की बिक्री पर रोक

दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम शहर में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रही है। इसी कड़ी में 6 नवंबर को विभागीय टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मिठाई दुकानों, मावा प्रतिष्ठानों और खाद्य कारोबारियों के यहां निरीक्षण किया। इस दौरान पीपली बाजार के 10 मावा प्रतिष्ठानों में रैपिड टेस्टिंग की गई, जबकि रिंग रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग पर कार्रवाई करते हुए करीब 600 किलोग्राम खाद्य सामग्री की बिक्री जांच रिपोर्ट आने तक प्रतिबंधित कर दी गई।

पीपली बाजार के 10 मावा प्रतिष्ठानों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पीपली बाजार स्थित मावा बाजार में रैपिड टेस्ट किट के जरिए मौके पर ही प्राथमिक जांच की। इस दौरान श्रीनाथ मावा भंडार, रामू मावा भंडार, रतनलाल मावा भंडार, श्री जी मावा भंडार, ओम मावा भंडार, शंकरलाल मावा भंडार, अग्रवाल मावा भंडार, रामजी मावा भंडार, रामजी महाराज और खंडेलवाल मावा भंडार सहित 10 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसके अलावा एयरपोर्ट क्षेत्र की मिठाई दुकानों और महेश नगर स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में संचालित सुदानी कैटर्स के यहां भी खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की गई।

छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

विभागीय टीम ने शिप्रा स्थित माय श्री नाश्ता पॉइंट एवं आइसक्रीम का निरीक्षण कर मीठा मावा, मावा, गुपचुप, केसर पेड़ा, मिल्क केक और सफेद पेड़ा सहित कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए। ये नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

श्री बालाजी ट्रेडिंग पर कार्रवाई, 600 किलो स्टॉक की बिक्री प्रतिबंधित

अभियान के दौरान रिंग रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। यहां कंचन श्री ब्रांड के मिल्क केक और मीठा मावा के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में इन दोनों उत्पादों का करीब 600 किलोग्राम स्टॉक मिला। विभाग ने जांच रिपोर्ट आने तक पूरे स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी है। दीपावली के समय मिठाइयों की मांग सबसे ज्यादा होती है, इसलिए विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

व्यापारियों को स्वच्छता के निर्देश

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने और खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों में निर्धारित मानकों के अनुसार ही खाद्य रंग और चांदी के वर्क का इस्तेमाल करने को कहा। विभाग के अनुसार, एकत्रित किए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। त्योहार के दौरान विभाग की जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments