इंदौर के तुकोगंज इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हो गया। बेटे के साथ ड्यूटी पर जा रही एक सफाईकर्मी महिला को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे दोनों सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि बेटे के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन टक्कर की वजह से कार की आगे की नंबर प्लेट टूटकर मौके पर ही गिर गई, जो पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई है।

हुकमचंद घंटाघर चौराहे के पास सुबह 7 बजे हुआ हादसा
हादसा तुकोगंज क्षेत्र में हुकमचंद घंटाघर चौराहे के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। मृतक सफाईकर्मी की पहचान ममता बाई के रूप में हुई है, जिनके पति मुकेश अमरवाड़ हैं। सुबह ममता बाई को उनका बेटा दोपहिया वाहन से ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां-बेटे दोनों सड़क पर जा गिरे। ममता बाई के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के समय सुबह का वक्त होने के कारण घटनास्थल पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था।
नंबर प्लेट टूटी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, टक्कर की वजह से कार की आगे की नंबर प्लेट टूटकर वहीं गिर गई। पुलिस अब इसी नंबर प्लेट के आधार पर कार चालक की तलाश कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सुबह ड्यूटी जा रहे सफाईकर्मियों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सुबह-सुबह ड्यूटी पर निकलने वाले सफाईकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह के वक्त खाली सड़कों पर वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ममता बाई जैसी सफाईकर्मी हर सुबह शहर को साफ करने के लिए अपने घर से निकलती हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा की अनदेखी ने इस बार एक परिवार की कमाई का सहारा छीन लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

