इंदौर में दीपावली के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार की रात शहरवासियों को हल्की ठंड का अहसास हुआ, जबकि दिन में धूप निकलने के साथ तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा, वहीं दिन का पारा सामान्य से एक डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। दीपावली के दौरान बढ़े प्रदूषण के बाद अब शहर की हवा में भी सुधार देखने को मिला है, हालांकि नवंबर की असली गुलाबी ठंड का इंतजार अभी जारी है।

रात का तापमान 14 डिग्री, दिन में 32.2 डिग्री
इंदौर में सोमवार की रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मंगलवार सुबह 8:30 बजे शहर का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। यानी रातें ठंडी हो रही हैं, लेकिन दिन में धूप की वजह से गर्मी का अहसास बना हुआ है।
हवाएं सामान्य, दृश्यता में कमी
मंगलवार की सुबह शहर में हल्की ठंड महसूस हुई, लेकिन धूप खिलने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी। इस दौरान हवाओं की गति 13 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जो सामान्य मानी जा रही है। अधिकतम दृश्यता 7 किलोमीटर और न्यूनतम दृश्यता 2.5 किलोमीटर दर्ज की गई। मंगलवार को सूर्यास्त शाम 6:37 बजे होगा।
हवा की गुणवत्ता में सुधार, AQI 90 से 165 के बीच
दूसरी ओर, शहर की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। साईंनाथ कॉलोनी क्षेत्र में लगे मॉनिटर पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 165 दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम AQI रेसीडेंसी क्षेत्र में 90 रहा। प्रदूषण कम करने के लिए नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों पर वाहनों के जरिए पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि धूल और प्रदूषण के कणों को कम किया जा सके।
कड़ाके की ठंड का अभी इंतजार
मौसम विभाग के अनुसार, अभी उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है। इस कारण अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, मौसम में लगातार ठंडक बढ़ेगी और दिन व रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा सकता है। दीपावली के पहले शहर में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा था, लेकिन अब ठंड ने अभी जोर नहीं पकड़ा है। आने वाले दिनों में सुबह-शाम की ठंडक और बढ़ने की उम्मीद है।

