back to top
Wednesday, November 11, 2026
Homeराजनीतिमहापौर का बयान: दीपावली की खुशियों को AQI से मत नापिए

महापौर का बयान: दीपावली की खुशियों को AQI से मत नापिए

दीपावली पर आतिशबाजी के बाद प्रदेश की हवा में प्रदूषण बढ़ने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच इंदौर के महापौर डॉ. पुष्यमित्र भार्गव ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि दीपावली की खुशियों को AQI से मत नापिए। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन बना रहेगा। महापौर के इस बयान पर बहस छिड़ गई है, क्योंकि दीपावली के बाद प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है।

महापौर ने क्या कहा

पुष्यमित्र भार्गव ने अपने वीडियो में कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और उत्सव का त्योहार है। इंदौर के लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया, लेकिन कुछ तथाकथित पर्यावरण प्रेमियों को इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी के धुएं और वातावरण में नमी के कारण AQI में कुछ समय के लिए बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि, नगर निगम ने तत्काल सफाई व्यवस्था संभाली। निगम की टीम, वाटर कैनन और सफाई मित्रों ने रात में ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में सफाई की, जिससे धूल और धुएं का प्रभाव कम करने में मदद मिली।

महापौर ने कहा कि पर्यावरण की चिंता जरूर होनी चाहिए, लेकिन दीपावली के उत्सव और खुशियों को AQI के आंकड़ों से नहीं मापना चाहिए। इंदौर ने पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाया और नगर निगम की टीम ने रात में ही सफाई कर शहर को फिर स्वच्छ बना दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाने के दौरान यदि एक दिन के लिए AQI बढ़ भी जाता है, तो इससे इंदौर की पहचान पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। इंदौर पहले भी नंबर वन था, आज भी है और आगे भी रहेगा। उन्होंने लोगों से सनातन के उत्सव को अलग नजरिए से नहीं देखने की नसीहत दी।

कांग्रेस का विरोध, निगम कार्यालय में झाड़ू

महापौर के बयान के बाद कांग्रेस ने निगम कार्यालय में झाड़ू लगाकर विरोध किया। कांग्रेस का कहना है कि प्रदूषण के मुद्दे को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और शहर की हवा की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए।

प्रदेश के 10 स्टेशनों में से 8 की हवा वेरी पुअर

दीपावली के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण के आंकड़े चिंताजनक स्थिति दिखा रहे हैं। ताजा मॉनिटरिंग के अनुसार, उज्जैन के रीजनल ऑफिस स्टेशन पर AQI 411 और भोपाल के टीटी नगर में 404 दर्ज किया गया। दोनों शहरों में हवा की गुणवत्ता सीवियर यानी गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। इंदौर के मगुदा नगर में AQI 380 रिकॉर्ड किया गया, जो वेरी पुअर श्रेणी में है। इसके अलावा ग्वालियर के डीडी नगर में 369, जबलपुर के मरहटल में 353 और देवास के भोपाल चौराहे पर 337 AQI दर्ज हुआ।

मंडीदीप के न्यू इंडस्ट्रियल एरिया में 325 और सिंगरौली के सूर्य किरण भवन में 306 AQI रहा। वहीं, पीथमपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में 261 और कटनी के गोल बाजार में 229 AQI दर्ज किया गया। कुल 10 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से आठ वेरी पुअर और दो पुअर श्रेणी में रहे। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार दीपावली पर प्रदूषण में करीब 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

पर्यावरणविद् की सलाह — सुबह 8 से पहले बाहर न निकलें

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरणविद् सुभाष सी. पांडे ने लोगों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जब AQI 400 के पार पहुंच रहा है, तब लोगों को प्रदूषण को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक प्रदूषित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर दूसरा रास्ता अपनाना बेहतर होगा। सुबह 8 बजे से पहले पार्कों में टहलने या पैदल घूमने से बचने की सलाह दी गई है। छह साल से छोटे बच्चों और 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।

पांडे ने आतिशबाजी से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखने और घरों में एयर प्यूरीफायर उपलब्ध होने पर उनका इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है। सुभाष सी. पांडे के मुताबिक, प्रदूषण से बचाव की जिम्मेदारी सिर्फ आम लोगों की नहीं है। प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी गंभीरता दिखानी चाहिए। जिन क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर ज्यादा है, वहां रहने वाले लोगों को समय रहते अलर्ट किया जाना चाहिए। प्रमुख रास्तों पर भी प्रदूषण संबंधी जानकारी प्रदर्शित होनी चाहिए, ताकि लोग ऐसे इलाकों से बच सकें। उन्होंने चिंता जताई कि सर्दी का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है और प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब हो चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए अभी से सावधानी बरतना जरूरी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments