भोपाल। गोवर्धन पूजा के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह में गौवंश के संरक्षण, नस्ल सुधार और डेयरी विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश का नंबर एक राज्य बनाना है और इसके लिए गौशालाओं, पशुपालकों और आधुनिक तकनीक को एक साथ जोड़कर काम किया जाएगा। समारोह में उन्होंने उत्कृष्ट पशुपालकों को पुरस्कार राशि और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया।
![]()
हर साल तैयार होंगे एक लाख गौवंश भ्रूण
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में देसी गायों की नस्ल सुधारने और गौवंश की संख्या बढ़ाने के लिए हर साल एक लाख गौवंश भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इसके लिए 50 एकड़ जमीन पर एक विशेष परियोजना स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि गिर और साहीवाल जैसी उन्नत नस्लों तथा निराश्रित गौवंश के संवर्धन के लिए भ्रूण प्रत्यारोपण की नई तकनीक उपलब्ध हुई है और इसके इस्तेमाल को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी मिल चुकी है। इस तकनीक को गांव-गांव की गौ-माताओं तक पहुंचाने की योजना है।
466 पशुपालकों को 2.95 करोड़, गौशालाओं को 65.66 करोड़
समारोह में मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत चुने गए 466 विजयी पशुपालकों के खातों में कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि सीधे अंतरित की। साथ ही प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख से ज्यादा निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान जारी किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पशुपालन से जुड़े उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली।
गौशाला अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने गौशालाओं में संरक्षित प्रत्येक गाय के भरण-पोषण के लिए मिलने वाला अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। निजी स्तर पर गौशालाएं चलाने वाले लोगों को भी यह अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले निराश्रित गौवंश को नियंत्रित करने के लिए सड़कों पर पिंजरे लगाए जाते थे, लेकिन अब नगरीय निकायों के स्तर पर गौशालाएं संचालित करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृंदावन गांव विकसित किए जा रहे हैं और शहरी क्षेत्रों में गीता भवन बनाए जाएंगे।
दूध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेता
देसी गाय के पालन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित गोपाल-कृष्ण प्रतियोगिता में विजेताओं को एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता में गौरव रघुवंशी की गाय ने 19.760 लीटर दूध देकर प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि रतलाम के मुकेश परमार दूसरे और उमरिया की संध्या पांडे तीसरे स्थान पर रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन किसानों की आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम हैं और प्राकृतिक आपदा या फसल नुकसान की स्थिति में पशुपालन किसानों के लिए अतिरिक्त आजीविका का आधार बन सकता है।
दुग्ध उत्पादन में नंबर वन का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश दुग्ध उत्पादन में अभी देश में तीसरे स्थान पर है और सरकार का लक्ष्य इसे पहले स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए गांवों में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन किया जा रहा है। उन्होंने इसे श्वेत क्रांति-2 की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गायों या भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए लगभग 42 लाख रुपये की परियोजना लागत पर 30 प्रतिशत, यानी करीब 13.86 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। उन्नत नस्ल के पशुओं को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देने के लिए प्रदेश में पशु मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन से बदली प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण के बाद वहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है — पहले जहां सालाना 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं का उज्जैन आना बड़ी बात मानी जाती थी, वहीं अब एक वर्ष में 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ओंकारेश्वर में धार्मिक स्थल के विकास का काम चल रहा है, जबकि ओरछा में लगभग 400 करोड़ रुपये और चित्रकूट में 2,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ-पालन केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य का प्रकृति से संबंध मजबूत करता है और प्राकृतिक खेती में गौ-माता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

