भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान पर मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है। भोपाल के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खड़गे के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस की सोच पर सवाल उठाए हैं। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के दिमाग में सिर्फ ईद बसी हुई है, जिसके चलते पार्टी दीपावली जैसे महापर्व और भारतीय संस्कृति के महत्व को भूल गई है।
![]()
शर्मा बोले- सनातन की मिठास दुनिया पर हावी रहेगी
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति और समृद्धि का प्रमुख त्योहार है, जिस पर मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है और पूरा देश उत्साह के साथ खुशियां मनाता है। इसके बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष के बयान में दीपावली की जगह ईद का उल्लेख होना पार्टी की सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता भारतीय परंपराओं और त्योहारों की भावना को समझने के बजाय उन पर कटाक्ष करने में लगे हैं। शर्मा ने कहा कि सनातन पर कांग्रेस जितना भी कटाक्ष कर ले, सनातन की मिठास दुनिया पर हावी रहेगी।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
भाजपा विधायक ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के भीतर एक ‘अबोध बालक’ ने मुस्लिम पक्ष को इतनी तेजी से हावी कर दिया है कि कांग्रेस लगातार गर्त में जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के चलते कांग्रेस पहले ही कमजोर हो चुकी है और अब पार्टी के अनुभवी नेताओं की बची-खुची समझ भी खत्म होती जा रही है। शर्मा ने कहा कि इसी का नतीजा है कि वरिष्ठ नेता भी दीपावली के मौके पर ईद जैसी बातें करने लगे हैं।
‘आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी’
खड़गे को जवाब देते हुए शर्मा ने कहा कि आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी। हमारी दीपावली की आतिशबाजी और मिठाइयां समाज में मिठास ही घोलेंगी। उन्होंने कहा कि भारत में दीपावली, रामनवमी, जन्माष्टमी, महावीर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती जैसे सभी प्रमुख पर्व मनाए जाते हैं और यह देश विविध परंपराओं तथा सनातन संस्कृति का देश है।
कांग्रेस का भविष्य 4-6 साल का: शर्मा का दावा
शर्मा ने अपनी बात के समर्थन में रामायण की चौपाई ‘जाको प्रभु दारुण दुख देई, ताकि मति पहले हर लेई’ का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का भविष्य अब केवल चार से छह साल का रह गया है और इसके बाद पार्टी खुद समाप्त हो जाएगी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सनातन संस्कृति पर चाहे जितने कटाक्ष कर ले, देश में उसके पर्व और परंपराएं इसी तरह हर्षोल्लास के साथ मनाए जाते रहेंगे।
सपा सांसद बोलीं- ‘स्लिप ऑफ टंग है’
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने खड़गे के बयान को ‘स्लिप ऑफ टंग’ बताया है। उन्होंने कहा कि ईद भी खुशियों का त्योहार है और दिवाली भी खुशी का त्योहार है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने खड़गे के बयान पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि एक को दीपावली में ईद नजर आती है। वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने खड़गे का बचाव करते हुए कहा कि ‘ईद’ शब्द का शाब्दिक अर्थ त्योहार होता है और उनकी टिप्पणी की आलोचना करने वाले लोग शब्दों के अर्थ के मामले में अज्ञानी हैं।

