back to top
Wednesday, November 11, 2026
Homeराजनीतिमहू में ₹24 करोड़ की कामधेनु गौशाला शुरू, 10 हजार गायों की...

महू में ₹24 करोड़ की कामधेनु गौशाला शुरू, 10 हजार गायों की क्षमता

इंदौर जिले के महू क्षेत्र के ग्राम आशापुरा में सोमवार को अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला का लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसका उद्घाटन किया और गोवर्धन पूजा में शामिल हुए। जनसहयोग से करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस गौशाला में शुरुआती तौर पर 550 गौवंश के साथ संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था शुरू की गई है। भविष्य में इसकी क्षमता 10 हजार गौमाता तक विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने गौशाला में सीएनजी गैस प्लांट और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता हमारी सनातन संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी भी है। सरकार गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गौमाता के बिना हमारा जीवन अधूरा है और हमारे बिना गौमाता का जीवन भी अधूरा है।

24 करोड़ की लागत, जनसहयोग से बना परिसर

ग्राम आशापुरा में विकसित कामधेनु गौशाला करीब 26.041 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली है। इसके निर्माण में समाजसेवी विनोद अग्रवाल ने सीएसआर मद से 6 करोड़ रुपये और नितिन अग्रवाल ने 2.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। कुल मिलाकर लगभग 11 करोड़ रुपये के निर्माण और विकास कार्य दानदाताओं के सहयोग से सीएसआर के तहत किए गए हैं। गौशाला परिसर में गौवंश के लिए 200×80 फीट आकार के चार बड़े शेड बनाए गए हैं। इसके अलावा स्मार्ट सिटी के माध्यम से करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से 200×160 फीट आकार के खुले बाड़े भी तैयार किए गए हैं।

पशुओं के आहार के लिए शेड और खुले बाड़ों में नांद बनाई गई हैं। पीने के पानी के लिए हौद की व्यवस्था है। बीमार गौवंश की देखभाल के लिए अलग वार्ड भी तैयार किया गया है। गौशाला परिसर में बाउंड्रीवॉल, आंतरिक सड़क और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। जल संरक्षण और पानी की आपूर्ति के लिए नगर निगम की ओर से 2 लाख लीटर क्षमता का संपवेल बनाया गया है। जनसहयोग से ओवरहेड टैंक का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अलावा लोक परिसंपत्ति विभाग ने 73.18 लाख रुपये की लागत से भूसा घर बनाने और 171.90 लाख रुपये की लागत से प्रशासनिक कार्यालय एवं अप्रोच रोड के निर्माण की मंजूरी दी है। इन कार्यों को नगर निगम इंदौर द्वारा पूरा कराया जा रहा है।

गौशालाओं को अनुदान दोगुना, भोपाल-जबलपुर की बारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश में करीब 3,200 गौशालाओं में 5 लाख 61 हजार से अधिक गौवंश के पालन-पोषण के लिए सरकार आर्थिक सहायता दे रही है। पहले गौशालाओं को प्रत्येक गौवंश के लिए 20 रुपये प्रतिदिन दिए जाते थे। राज्य सरकार ने इस राशि को बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बड़े शहरों में निराश्रित और दूसरे गौवंश के बेहतर प्रबंधन के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। ग्वालियर के लाल टिपारा में करीब 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशाला पहले से संचालित है। इंदौर में भी इसी क्षमता के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके बाद भोपाल और जबलपुर में भी 10-10 हजार गौवंश की क्षमता वाली बड़ी गौशालाएं बनाई जाएंगी।

12 पशुपालक सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत आयोजित प्रतियोगिता में चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित किया। इंदौर जिले के चार वृंदावन ग्रामों से कुल 12 पशुपालकों का चयन किया गया था। इनमें बनेड़िया के बालाराम रामचंद्र को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, अमित सुरेश पटेल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और राहुल हरिराम चौधरी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए गए।

इसी तरह वृंदावन ग्राम दतोदा के अलकेश छोटेलाल पटेल, रंगवासा के दिनेश नंदकिशोर और शिवनी के उदयसिंह बंशीलाल ठाकुर को भी प्रथम पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। दूसरे स्थान पर रहे नारायण भीमा उज्जीवाल, धर्मेन्द्र बद्रीलाल और सचिन महेश चौधरी को 50-50 हजार रुपये मिले। वहीं तीसरा स्थान हासिल करने वाले धर्मेन्द्र लक्ष्मीनारायण गौड़, राहुल छगनलाल और समंदर राजाराम चौधरी को 25-25 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

गोवर्धन लीला में पर्यावरण का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला सिर्फ धार्मिक प्रसंग नहीं है, बल्कि इसमें प्रकृति के संरक्षण, जल प्रबंधन और सामूहिक एकता का महत्वपूर्ण संदेश छिपा है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत धारण कर समाज को बताया कि जल, नदियां, पर्वत, वन और प्रकृति के संसाधनों पर सभी का समान अधिकार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता भारतीय कृषि संस्कृति की आधारशिला हैं। खेती में रासायनिक खादों के जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हुई है। ऐसे में अब प्राकृतिक खेती की तरफ लौटने की जरूरत है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में गौमाता का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार करने के लिए संकल्पित है, जिसमें कोई भी गौमाता लावारिस हालत में सड़कों पर घूमने को मजबूर न हो। यदि कोई किसान या व्यक्ति किसी कारण से गौमाता का पालन नहीं कर पाता है, तो उसके संरक्षण की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता की सेवा और संरक्षण में संत समाज का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस दौरान संत अच्युतानंद महाराज के योगदान की सराहना की और उनके प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने महू क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महू के पास स्थित भगवान परशुराम की तपोस्थली जानापाव, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली और जनजातीय नायक टंट्या मामा की वीरता इस क्षेत्र को विशेष पहचान देती है। इस अवसर पर महू विधायक उषा ठाकुर भी मौजूद रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments