इंदौर में एक वेब सीरीज की शूटिंग को लेकर फिल्म अभिनेता और पुलिस के बीच विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म अभिनेता एवं मॉडल कपिल खादीवाल ने कनाड़िया पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि शूटिंग की अनुमति रात 11 बजे तक ही दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद रात साढ़े बारह बजे तक शूटिंग जारी रखी गई थी, इसलिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शूटिंग बंद करवाई। इस मामले में पुलिस ने अब अभिनेता को नोटिस जारी कर 27 नवंबर को बयान के लिए बुलाया है।

रात साढ़े बारह बजे तक चल रही थी शूटिंग
जानकारी के मुताबिक फिल्म अभिनेता एवं मॉडल कपिल खादीवाल द्वारा एक वेब सीरीज का निर्माण किया जा रहा है। इस वेब सीरीज में अभिनेत्री ईशा तलवार, अभिनेता रजनीश दुग्गल सहित बॉलीवुड के कई कलाकार काम कर रहे हैं। वेब सीरीज की शूटिंग इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे कनाड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और निर्धारित समय से अधिक शूटिंग किए जाने का हवाला देते हुए शूटिंग रुकवा दी।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लगाए आरोप
पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज अभिनेता कपिल खादीवाल ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया। वीडियो में उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रिश्वत मांगने के आरोप लगाए। अभिनेता का कहना है कि शूटिंग के दौरान पुलिस की ओर से जिस तरह की मांग की जा रही थी, उसके चलते शूटिंग में बाधा उत्पन्न हुई। यह वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
पुलिस का पक्ष: नियम के अनुसार हुई कार्रवाई
रिश्वत मांगने के आरोपों को लेकर पुलिस का पक्ष अलग है। कनाड़िया पुलिस के मुताबिक वेब सीरीज की शूटिंग के लिए रात 11 बजे तक की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद फिल्म यूनिट द्वारा रात 12:30 बजे तक शूटिंग की जा रही थी। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी शूटिंग जारी रहने के कारण पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शूटिंग रुकवाई थी। पुलिस का कहना है कि समय-सीमा का उल्लंघन होने पर ही मौके पर कार्रवाई की गई।
27 नवंबर को बयान के लिए नोटिस
अभिनेता द्वारा वीडियो जारी कर पुलिस पर लगाए गए आरोपों के बाद अब पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। कनाड़िया पुलिस ने कपिल खादीवाल को नोटिस जारी किया है। नोटिस के माध्यम से उन्हें 27 नवंबर को क्राइम ब्रांच और कनाड़िया थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में अभिनेता और पुलिस के अलग-अलग दावों के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। अब 27 नवंबर को अभिनेता के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

