back to top
Wednesday, November 25, 2026
Homeराज्यकृष्णबाग: घर टूटने पर पोस्टर विरोध, महापौर बोले- मुआवजा दिलवाएंगे

कृष्णबाग: घर टूटने पर पोस्टर विरोध, महापौर बोले- मुआवजा दिलवाएंगे

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में नगर निगम द्वारा 42 मकानों को जमींदोज किए जाने के बाद प्रभावित परिवारों का आक्रोश फूट पड़ा है। अपना आशियाना छिनने से नाराज रहवासियों ने अपने टूटे हुए मकानों के मलबे के बाहर विरोध स्वरूप पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से पीड़ितों ने प्रशासन से सीधा सवाल पूछते हुए लिखा है कि न्याय कब मिलेगा और इस पूरे मामले का असली दोषी कौन है।

कृष्णबाग: घर टूटने पर पोस्टर विरोध, महापौर बोले- मुआवजा दिलवाएंगे

अनोखे अंदाज में दर्ज कराया विरोध

नगर निगम की इस बड़ी कार्रवाई के बाद बेघर हुए 42 परिवारों के सामने रोजी-रोटी और सिर छिपाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रभावितों का कहना है कि बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के उनके जीवन भर की जमा-पूंजी से बने घरों को तोड़ दिया गया। इसी के विरोध में रहवासियों ने क्षतिग्रस्त दीवारों और मलबे पर बैनर-पोस्टर चस्पा कर जिम्मेदार अधिकारियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है। पोस्टरों पर सवाल उठाया गया है कि जब बैंकों ने लोन दिया, सरकारी विभाग ने रजिस्ट्री की और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी नियमित रूप से बिजली और पानी का बिल लेते रहे, तो सिर्फ आम नागरिक ही दोषी क्यों हैं। रहवासियों ने पूछा है कि जब घर बन रहे थे, तब यह क्यों नहीं बताया गया कि जमीन पर विवाद चल रहा है और उस समय बड़े अधिकारी क्यों चुप थे।

रातभर टूटे घरों के सामने सोए रहवासी

जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, वे बेबस होकर रातभर अपने टूटे हुए घरों के मलबे के सामने ही खुले आसमान के नीचे सोए। पीड़ितों का कहना है कि अब वे अपने परिवार को लेकर कहां जाएं, क्योंकि उनके पास सिर छिपाने की भी जगह नहीं बची है। प्रभावित लोग आसपास में बची हुई खाली जगह पर ही किसी तरह खाना बना रहे हैं और वहीं रात गुजार रहे हैं। कुछ परिवारों को अभी भी प्रशासन से उम्मीद है कि उन्हें मानवीय आधार पर वहीं रहने की अनुमति दे दी जाएगी।

महापौर ने दिया मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन

मामले के तूल पकड़ने के बाद इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव का बयान सामने आया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि निगम प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान और उसके बाद पीड़ितों की हरसंभव मदद की है। महापौर ने स्पष्ट किया कि अब इन सभी प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से उचित मुआवजा दिलवाने में भी पूरी मदद की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments