साइबर ठगों ने धोखाधड़ी के ऐसे-ऐसे तरीके खोज निकाले हैं कि लोगों को शक तक नहीं हो पाता और ठग अपना काम कर जाते हैं। ऐसा ही एक मामला इंदौर में सामने आया है, जहां सीएचएल अस्पताल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर संपर्क नंबर तलाशना एक महिला को महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को अस्पताल से जुड़ा व्यक्ति बताकर महिला को फर्जी लिंक भेजी और उसके खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। हालांकि, क्राइम ब्रांच इंदौर की कार्रवाई और न्यायालय के आदेश के बाद महिला को ठगी की पूरी राशि वापस मिल गई।
![]()
अस्पताल का कर्मचारी बनकर भेजी फर्जी लिंक
पुलिस के अनुसार, पीड़िता राधिका (परिवर्तित नाम) सीएचएल अस्पताल में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने गूगल पर अस्पताल का संपर्क नंबर खोजा। वहां मिले नंबर पर संपर्क करने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अस्पताल से जुड़ा हुआ बताया। उसने अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर महिला को एक लिंक भेजी। महिला ने लिंक पर क्लिक कर बताई गई प्रक्रिया पूरी की। इसी दौरान उनके साथ एक लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई।
एनसीआरपी पर शिकायत, क्राइम ब्रांच ने की कार्रवाई
ठगी का शिकार होने के बाद महिला ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने मामले में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, न्यायालय के आदेश के बाद पीड़िता को ठगी गई पूरी एक लाख रुपये की राशि वापस करा दी गई।
सावधानी ही बचाव: नंबर हमेशा आधिकारिक स्रोत से लें
यह मामला एक बार फिर बताता है कि गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखने वाला नंबर हमेशा सही नहीं होता। ठग फर्जी नंबर और फर्जी वेबसाइट के जरिये लोगों को फंसाते हैं। किसी भी अस्पताल, बैंक या संस्था का नंबर लेने के लिए हमेशा उसकी आधिकारिक वेबसाइट या भरोसेमंद स्रोत का ही इस्तेमाल करें। अपॉइंटमेंट या भुगतान के नाम पर भेजी गई किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और किसी के कहने पर अपने बैंक खाते की जानकारी या ओटीपी साझा न करें।

