इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकान तोड़े जाने का मामला अब सियासी रंग ले चुका है। मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद कृष्णबाग पहुंचे और जिन परिवारों के घर टूटे हैं, उनसे मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों की पूरी बात सुनी और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनकी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी। पटवारी ने कहा कि इस मुकदमे के लिए पार्टी बड़े वकीलों की मदद लेगी, ताकि बेघर हुए लोगों को न्याय मिल सके।
![]()
अफसरों पर उठाए सवाल
पटवारी ने नगर निगम और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब यह कॉलोनी बन रही थी, तब अफसरों ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि लोगों ने यहां प्लॉट खरीदे, उनके मकानों की रजिस्ट्री हुई और बैंकों ने इन मकानों पर कर्ज भी दिया। ऐसे में सवाल यह है कि ये मकान अचानक अवैध कैसे हो गए। पटवारी का कहना है कि मकान तोड़ने वाले अफसरों ने ईंट-पत्थर नहीं तोड़े, बल्कि उनमें रहने वाले लोगों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। जिनके घर टूटे हैं, उनमें कोई दर्जी का काम करता है तो कोई मजदूरी करके परिवार चलाता है।
सरकार पर भूमाफिया को बढ़ावा देने का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में भूमाफिया फल-फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी और इसके लिए उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश भी दे दिए हैं। पटवारी ने यह भी कहा कि इंदौर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं और पिछले 25 साल से नगर निगम में भाजपा की परिषद है, फिर भी जनता परेशान है। उन्होंने लोगों से कहा कि अब उन्हें सोचना चाहिए कि वे जिन्हें वोट देते हैं, क्या वे उनका साथ दे रहे हैं।
दो-तीन दिन में बड़ा आंदोलन, कलेक्टर कार्यालय का घेराव
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आंदोलन की रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। योजना के अनुसार दो-तीन दिन में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसमें कृष्णबाग बस्ती के प्रभावित लोग भी शामिल होंगे। बता दें कि इंदौर की कृष्णबाग बस्ती में सोमवार को 40 से ज्यादा निर्माण तोड़े गए थे। इस दौरान अफसरों को रहवासियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा था। जब मकान टूट रहे थे, तो कई लोगों की आंखों में आंसू आ गए थे।

