नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने मंगलवार को साफ किया कि गगनयान मिशन में कोई देरी नहीं हुई है और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि रॉकेट से जुड़े सभी उपकरण तैयार हैं और ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम चल रहा है। जैसे ही मौका मिलेगा, मिशन को लॉन्च कर दिया जाएगा। डॉ. नारायणन ने यह बात नई दिल्ली में आयोजित पांचवें इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव के दौरान मीडिया से कही।

दरअसल, हाल में ऐसी खबरें आई थीं कि गगनयान की पहली मानव-रहित उड़ान फरवरी 2027 से पहले संभव नहीं है, जबकि पहले इसका लक्ष्य दिसंबर 2026 रखा गया था। इसी पर ISRO प्रमुख ने कहा, “नहीं, इसमें देरी नहीं हुई है। यह एक तकनीक-प्रधान गतिविधि है। हम अंतिम चरण में हैं। रॉकेट, सभी चीजें तैयार हैं। हम ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम कर रहे हैं और जल्द से जल्द इसे लॉन्च करेंगे।”
पहला उद्योग-निर्मित PSLV-N1 2027 की शुरुआत में लॉन्च होगा
डॉ. नारायणन ने बताया कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के कंसोर्टियम द्वारा बनाया गया पहला उद्योग-निर्मित ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान PSLV-N1 अगले साल के पहले तीन महीनों में अपनी पहली उड़ान भरेगा। सितंबर 2022 में न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) के साथ हुए अनुबंध के तहत इस कंसोर्टियम को PSLV-N1 से शुरू करते हुए PSLV-XL प्रक्षेपण यानों का पूरा निर्माण सौंपा गया है। अब तक PSLV सिर्फ ISRO ही उद्योगों के सहयोग से बनाता था, लेकिन अब L&T-HAL कंसोर्टियम को पांच PSLV दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, “पहले PSLV सिर्फ ISRO ही उद्योगों के सहयोग से बनाता था। अब L&T और HAL के कंसोर्टियम को पांच PSLV दिए गए हैं। रॉकेट तैयार हो रहा है और हम अगले साल की पहली तिमाही में पहला प्रक्षेपण करने का लक्ष्य रख रहे हैं।”
स्वदेशी विक्रम प्रोसेसर और सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भरता
सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर ISRO प्रमुख ने बताया कि उपग्रह या प्रक्षेपण यान में कंप्यूटर चिप और प्रोसेसर जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगते हैं। एक समय था जब ये सब आयात करने पड़ते थे। अब ISRO ने चंडीगढ़ स्थित सेमीकंडक्टर प्रयोगशाला (SCL) के साथ मिलकर विक्रम प्रोसेसर विकसित किया है। विक्रम 16 श्रृंखला पहले से उपयोग में है, जबकि विक्रम 32 चिप भी तैयार हो गई है और इसे जल्द प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
भारत को और उपग्रहों की जरूरत क्यों
डॉ. नारायणन ने कहा कि भारत को रणनीतिक, परिचालन और अन्य जरूरतों के लिए कई और उपग्रहों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एक छोटे से क्षेत्र में ही 25 उपग्रह तैनात करने पड़े थे। ऐसे में पूरे देश को कवर करने के लिए कितनी अंतरिक्ष संपत्तियों और समन्वित प्रयास की जरूरत होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। अभी भारत के पास कक्षा में करीब 56 अंतरिक्ष संपत्तियां हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि EOS-05 भारत का पहला इमेजिंग उपग्रह है, जिसे भू-स्थिर मंच पर रखा गया है और यह भारत तथा आसपास के क्षेत्रों पर लगातार नजर रखता है। वहीं, भारतीय नौसेना के लिए स्वदेशी नेविगेशन प्रणाली NavIC को फिर से तैयार किया जा रहा है। इसका चौथा उपग्रह हाल ही में लॉन्च किया गया है, जिससे न्यूनतम परिचालन व्यवस्था बहाल हो गई है।
निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी
ISRO प्रमुख ने निजी क्षेत्र से आगे आने और अंतरिक्ष संपत्तियों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार के अंतरिक्ष सुधारों से इस क्षेत्र को बड़ी मदद मिल रही है। ISRO और IN-SPACe स्टार्टअप कंपनियों को साथ लेकर चल रहे हैं। भारत में अंतरिक्ष स्टार्टअप की संख्या एक से बढ़कर 440 से ज्यादा हो गई है। भारत अब 64 देशों के साथ अंतरिक्ष विकास में सहयोग कर रहा है। गगनयान का लक्ष्य भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजकर सुरक्षित वापस लाना है।

