back to top
Monday, November 23, 2026
Homeविज्ञान12 अरब साल पुरानी गैलेक्सी में छिपा 33 लाख सूरज जितना ब्लैक...

12 अरब साल पुरानी गैलेक्सी में छिपा 33 लाख सूरज जितना ब्लैक होल

नई दिल्ली। ब्रह्मांड के शुरुआती दिनों से जुड़ी एक बड़ी गुत्थी सुलझाने की दिशा में वैज्ञानिकों को अहम सुराग मिला है। करीब 12 अरब साल पुरानी गैलेक्सी मार्टा 3887 में एक संभावित ब्लैक होल मिला है, जिसका वजन करीब 33 लाख सूरज के बराबर आंका गया है। हैरानी की बात यह है कि यह ब्लैक होल अपनी गैलेक्सी के मुकाबले सामान्य से करीब 100 गुना ज्यादा भारी है। इस खोज से जुड़ी स्टडी आर्काइव प्रीप्रिंट सर्वर पर प्रकाशित हुई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि शुरुआती ब्रह्मांड में यह ब्लैक होल अपनी गैलेक्सी से भी तेज रफ्तार से बढ़ा है।

12 अरब साल पुरानी गैलेक्सी में छिपा ब्लैक होल

1270 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से घूमती गैस ने दिया सबूत

इटली के बोलोग्ना स्थित आईएनएएफ यानी एस्ट्रोफिजिक्स एंड स्पेस साइंस ऑब्जर्वेटरी के वैज्ञानिक मिर्को कुर्ती और उनकी टीम ने यह स्टडी की है। टीम ने एक अकेले संकेत पर भरोसा करने के बजाय कई अलग-अलग पैमानों पर डेटा को परखा। वैज्ञानिकों ने जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप की स्पेक्ट्रोस्कोपी, हबल टेलीस्कोप की तस्वीरों और वेरी लार्ज टेलीस्कोप के म्यूज इंस्ट्रूमेंट के पुराने डेटा को मिलाकर जांच की। इसी जांच में उन्हें इस संभावित ब्लैक होल के संकेत मिले। गैलेक्सी के भीतर 1270 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से घूमती गैस ने ब्लैक होल की मौजूदगी का सबसे मजबूत सबूत दिया। इतनी तेज रफ्तार से घूमती गैस बताती है कि उसके केंद्र में कोई बहुत भारी पिंड मौजूद है।

अपनी गैलेक्सी के मुकाबले 100 गुना ज्यादा भारी

मार्टा 3887 में मिला यह संभावित ब्लैक होल करीब 33 लाख सूरज के बराबर वजन रखता है। जेम्स वेब टेलीस्कोप से अब तक खोजे गए ब्लैक होल की सूची में यह कम वजन वाले वर्ग में आता है। इसके बावजूद अपनी गैलेक्सी के आकार के हिसाब से यह काफी बड़ा है। इस गैलेक्सी में मौजूद सभी तारों का कुल द्रव्यमान करीब 14 करोड़ 50 लाख सूरज के बराबर ही है। यानी गैलेक्सी के कुल तारों के द्रव्यमान में अकेले इस ब्लैक होल की हिस्सेदारी करीब 2.3 फीसदी है। आमतौर पर ब्लैक होल अपनी गैलेक्सी के तारों के मुकाबले इतना भारी नहीं होता, इसलिए यह खोज वैज्ञानिकों के लिए हैरान करने वाली है।

शुरुआती ब्रह्मांड में ब्लैक होल कैसे बने, यह बड़ा सवाल

ब्रह्मांड के शुरुआती एक अरब सालों में अरबों सूरज जितने भारी ब्लैक होल कैसे बने, यह सवाल लंबे समय से खगोलविदों को उलझाए हुए है। पुराने सर्वे अक्सर केवल सबसे बड़े और चमकीले ब्लैक होल को ही पकड़ पाते थे। वैज्ञानिकों का मानना है कि वे विशाल ब्लैक होल सिर्फ ऊपरी झलक भर हैं। ब्लैक होल के बनने की असल प्रक्रिया समझने के लिए ऐसे छोटे और कम चमकीले ब्लैक होल को खोजना जरूरी है। मार्टा 3887 की यह खोज उसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, क्योंकि यह बताती है कि शुरुआती ब्रह्मांड में अपेक्षाकृत छोटे ब्लैक होल भी अपनी गैलेक्सी से तेज रफ्तार से बढ़ सकते थे।

बिना टकराए कैसे बढ़ा इतना बड़ा ब्लैक होल

यह जानने के लिए कि ब्लैक होल अपनी गैलेक्सी से आगे कैसे निकला, टीम ने इसके विकास के अलग-अलग मॉडल बनाए। इन मॉडलों में माना गया कि एक छोटे शुरुआती बीज से यह ब्लैक होल बिना किसी दूसरे ब्लैक होल से टकराए लगातार बढ़ता रहा। वैज्ञानिकों ने दो अलग-अलग समय के हिसाब से इसके गैस निगलने की रफ्तार का हिसाब लगाया। शुरुआती नतीजे बताते हैं कि यह ब्लैक होल लगातार गैस को अपने भीतर खींचता रहा और उसी से इसका आकार तेजी से बढ़ता गया। इस खोज से यह समझने में मदद मिलेगी कि ब्रह्मांड के शुरुआती दौर में ब्लैक होल और गैलेक्सियां एक-दूसरे के साथ कैसे बढ़ती थीं, और क्या ब्लैक होल अपनी गैलेक्सी से पहले बड़ा हो सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments