भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को भोपाल के मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी गई। इन फैसलों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की नई योजना, हजारों घरों तक बिजली पहुंचाना, कमजोर सहकारी बैंकों को आर्थिक मदद और ओंकारेश्वर में अद्वैत लोक का निर्माण शामिल है। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार कश्यप ने मंत्रि-परिषद के निर्णयों की जानकारी दी।

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना से दूध उत्पादन बढ़ेगा
मंत्रि-परिषद ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गौवंश के संरक्षण के लिए ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के क्रियान्वयन को मंजूरी दी है। इस योजना का लक्ष्य प्रदेश में दूध का उत्पादन दोगुने से भी ज्यादा करना और मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। योजना के पहले वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद 2027-28 से 2030-31 तक सभी 313 विकासखंडों में यह प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देने वाली भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के पालक इसमें हिस्सा ले सकेंगे। विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार की राशि का उपयोग देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए करना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री ने 3 अक्टूबर 2026 को इस योजना की घोषणा की थी और विभाग ने 26 अक्टूबर को इसका आदेश जारी किया था, जिसका अब मंत्रि-परिषद ने अनुसमर्थन किया है।
46 हजार से ज्यादा घरों तक पहुंचेगी बिजली
केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के पहले चरण में प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 शासकीय संस्थानों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई है। इस राशि में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत यानी 116 करोड़ 24 लाख रुपये और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत यानी 77 करोड़ 48 लाख रुपये होगी। राज्य सरकार ने 20 से कम घरों वाली बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए भी सैद्धांतिक सहमति दे दी है, जिसके लिए अलग से प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इन फैसलों से दूर-दराज के गांवों में रहने वाले हजारों परिवारों को पहली बार बिजली की सुविधा मिल सकेगी।
9 कमजोर सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की मदद
मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अंशपूंजी सहायता के रूप में 325 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को वित्त वर्ष 2026-27 में 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। इसके साथ ही बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जाएंगे।
ओंकारेश्वर में अद्वैत लोक के लिए 2,278 करोड़
ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी 2026-27 से 2030-31 के लिए मंजूर की गई है। यहां हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर लाइट एवं वाटर शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन की जानकारी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगी।
खनिज सर्वेक्षण और अन्य योजनाओं पर भी फैसले
बैठक में खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण के लिए मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी बनाया गया है। सर्वेक्षण, आंकड़ों के विश्लेषण और ड्रिलिंग के लिए बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति पारदर्शी प्रक्रिया से होगी और सर्वेक्षण का काम 2028 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, मानव अधिकार आयोग को अनुदान और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार जैसी योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री के वैवेकिक अनुदान से जुड़ी योजना को अगले पांच वित्तीय वर्षों तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।

