भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस के नए मुखिया की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति का आदेश अब तक जारी नहीं हुआ है। 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के महानिदेशक उपेंद्र कुमार जैन का नाम लगभग तय माना जा रहा है, फिर भी अंतिम आदेश में हो रही देरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उपेंद्र जैन की देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से करीबी रिश्तेदारी इस नियुक्ति की राह में बड़ा राजनीतिक पेंच बनती दिख रही है।

20 नवंबर को UPSC की बैठक में बना था पैनल
नए डीजीपी के चयन के लिए 20 नवंबर को दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग की बैठक हुई थी, जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी भी शामिल हुए थे। इस बैठक में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार किया गया था। पैनल में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन में एसपी रह चुके उपेंद्र जैन की कार्यशैली से अच्छी तरह वाकिफ हैं और केंद्र में उनकी अच्छी पकड़ के चलते उनके नाम पर लगभग सहमति बन गई थी। इसके बावजूद आदेश जारी न होने से अटकलों का दौर जारी है।
CEC से रिश्तेदारी क्यों बनी अड़चन
प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि सरकार उपेंद्र जैन की नियुक्ति का आदेश जारी करने से पहले हर राजनीतिक नफा-नुकसान तौल रही है। सरकार को विपक्ष के निशाने पर आने का डर है, क्योंकि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहले से ही विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि उनके करीबी रिश्तेदार उपेंद्र जैन को मध्य प्रदेश का डीजीपी बनाया जाता है, तो कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इसे हितों के टकराव और राजनीतिक उपकार का मुद्दा बना सकता है। यही वजह है कि सरकार इस नियुक्ति को लेकर फूंक-फूंककर कदम रख रही है।
कैलाश मकवाना को सेवा विस्तार का विकल्प
विवादों से बचने के लिए केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार के स्तर पर एक नए विकल्प पर भी विचार होने की खबरें हैं। चर्चा है कि नए डीजीपी की नियुक्ति को फिलहाल टालते हुए मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना को 3 से 6 महीने का सेवा विस्तार दिया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो आने वाले महीनों में वरिष्ठता और शेष सेवा अवधि के नियमों के तहत पैनल के समीकरण भी बदल सकते हैं। इससे नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया नए सिरे से आगे बढ़ सकती है।
यूपी चुनाव के बाद तय माना जा रहा जैन का नाम
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद ज्ञानेश कुमार का मुद्दा शांत हो सकता है, जिसके बाद उपेंद्र जैन का डीजीपी बनना लगभग तय माना जा रहा है। यूपी चुनाव तक तीन महीने के लिए वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना को सेवा विस्तार दिया जा सकता है। हालांकि यह सब अभी अटकलों और सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी पर आधारित है। अंतिम फैसला सरकार और संघ लोक सेवा आयोग की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा। तब तक मध्य प्रदेश में नए पुलिस मुखिया को लेकर सियासी और प्रशासनिक चर्चाएं जारी रहेंगी।

