back to top
Tuesday, November 24, 2026
Homeराजनीतिग्वालियर: कांग्रेस कार्यकारिणी घोषित होते ही सचिव का इस्तीफा

ग्वालियर: कांग्रेस कार्यकारिणी घोषित होते ही सचिव का इस्तीफा

ग्वालियर। ग्वालियर में चार महीने से होल्ड कांग्रेस की शहर जिला कार्यकारिणी का ऐलान होते ही पार्टी में फिर फूट देखने को मिली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति के बाद सोमवार को नई टीम की घोषणा की गई, जिसमें सुरेंद्र यादव को एक बार फिर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। लेकिन घोषणा के कुछ ही देर बाद नाराज कांग्रेस नेता अरविंद वाल्मीक ने इस्तीफा सौंप दिया।

इससे पहले भी कार्यकारिणी की घोषणा के कुछ ही समय बाद उसे स्थगित करना पड़ा था। तब पूर्व विधायक प्रवीण पाठक और विधायक संतीश सिकरवार के समर्थकों ने नियुक्तियों पर आपत्ति जताई थी और पदों से इस्तीफा दे दिया था। कार्यकारिणी इससे पहले आठ पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद होल्ड हुई थी, लेकिन इस बार इस्तीफा देने वाले पांच पदाधिकारियों को फिर जगह मिली, जबकि तीन इस्तीफाधारी नई कार्यकारिणी से बाहर रखे गए।

विरोध के चलते टली थी घोषणा, देर रात हुआ ऐलान

बताया जा रहा है कि दोपहर में विरोध के चलते घोषणा टल गई थी और प्रदेश प्रभारी पर मनमानी के आरोप लगे थे। अनुशासन समिति की सिफारिशों को लेकर भी सवाल उठे थे। लेकिन देर रात आखिरकार कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई।

नई टीम में किसे क्या जिम्मेदारी

नई कार्यकारिणी में राकेश अग्रवाल और ऊदल सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रतीक जैन और रामअवतार जाटव को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरेश प्रजापति को सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा लतीफ खान की महासचिव पद पर वापसी हुई है, जिस पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

लतीफ खान की वापसी पर सवाल

लतीफ खान की वापसी इसलिए चर्चा में है क्योंकि कांग्रेस जिला अनुशासन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया था कि सोशल मीडिया पर इस्तीफे जारी कर अनुशासनहीनता करने वाले पदाधिकारियों को पार्टी कोई दायित्व नहीं देगी। इसके बावजूद उन्हें महासचिव पद पर वापस लाया गया है।

27 साल के साथी ने छोड़ा पद

कांग्रेस डैमेज कंट्रोल करने में असफल रही और नई कार्यकारिणी में सचिव बने अरविंद वाल्मीक ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा- “मैं पिछले 27 साल से पार्टी का निष्ठावान सिपाही रहा हूं और सदैव रहूंगा, लेकिन वर्तमान में पार्टी द्वारा दायित्व को अस्वीकार करते हुए पद से इस्तीफा देता हूं।” ग्वालियर कांग्रेस में लगातार हो रहे इस्तीफों ने पार्टी के भीतर की खींचतान को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments