back to top
Tuesday, November 24, 2026
HomeराजनीतिMP: आउटसोर्स कर्मियों की नौकरी सुरक्षित, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

MP: आउटसोर्स कर्मियों की नौकरी सुरक्षित, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए साफ कहा कि प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार इन कर्मचारियों के नियोजन पर विचार कर रही है, ताकि उन्हें उचित जगह पर तैनात किया जा सके। लंबे समय से नौकरी जाने की आशंका में चल रहे कर्मचारियों के लिए यह घोषणा बड़ी राहत लेकर आई है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि जुटे थे। ये प्रतिनिधि सरकार के उस फैसले पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने पहुंचे थे, जिसमें दो बच्चों संबंधी शर्त को समाप्त कर दिया गया है। राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारी संगठनों ने अपनी लंबित मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग, कोई भ्रम न रहे

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी सरकार का अभिन्न हिस्सा हैं और प्रदेश की हर उपलब्धि में उनकी बराबर भागीदारी है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर साफ कहा कि किसी भी कर्मचारी को सेवा से नहीं हटाया जाएगा और इस बात को लेकर किसी के मन में कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। कर्मचारियों को कहां और किस तरह नियोजित किया जा सकता है, इस पर भी सरकार विचार करेगी।

एक लाख से अधिक कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ

डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारी हित में किए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया ठप पड़ी थी। सरकार ने पहल कर पात्रता के आधार पर एक लाख से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिलाया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर दक्षता परीक्षा पास करने की अनिवार्यता में भी छूट दी गई है।

उन्होंने बताया कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि के साथ अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों को अभियान चलाकर निपटाया जा रहा है। सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कदम उठा रही है।

नियमित भर्ती जारी, मांग पत्र सौंपे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नियमित पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है और आगे भी भर्ती की जाएगी। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस दौरान विभिन्न मांगों से जुड़े ज्ञापन सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी कल्याण समिति और आयोग का गठन किया गया है, जो कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं के सभी पहलुओं पर विचार करेंगे।

कार्यक्रम में कर्मचारी मंच के अशोक पांडेय, संविदा कर्मचारी महासंघ के रमेश राठौर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण कर संवेदनशीलता दिखाई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments