बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर का दिवाली लुक अब विवाद की वजह बन गया है। करीना ने दिवाली के मौके पर जो पेंडेंट पहना था, उस पर कुरान की आयत-अल-कुर्सी लिखी होने का दावा किया जा रहा है। करीना की दिवाली अटायर की तस्वीरें सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को लीगल नोटिस भेज दिया है। इस पेंडेंट का भोपाल रियासत से गहरा शाही संबंध है, जिस वजह से यह मामला मध्य प्रदेश में भी चर्चा का विषय बन गया है।
![]()
क्या है पूरा विवाद
करीना ने दिवाली के मौके पर अपने अटायर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं और उनकी डिजाइनर रिया कपूर ने भी उनके अटायर का डिस्क्रिप्शन पोस्ट किया था। तस्वीरों में दिख रहे पेंडेंट पर कुरान की आयत-अल-कुर्सी लिखी होने का दावा किया जा रहा है। फोटोज सामने आने के बाद इस पर बवाल शुरू हो गया है। विवाद का केंद्र यह सवाल है कि क्या पवित्र धार्मिक आयतों वाले आभूषण को फैशन के तौर पर पहनना सही है।
लीगल नोटिस में क्या मांग की गई
कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने इस पर आपत्ति जताते हुए करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को लीगल नोटिस भेजा है। हफीज का कहना है कि कुरान की पवित्र आयतों को फैशन के तौर पर इस्तेमाल करना और उन्हें ऐसे लिबास के साथ पहनना धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने सोशल मीडिया से तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग की है। अब्बास ने कहा कि बतौर मुस्लिम उन्होंने करीना कपूर को नोटिस भेजा है और उनकी पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। अब्बास हफीज के वकील मोहम्मद जफर ने भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर करीना कपूर ने तस्वीरें नहीं हटाईं और माफी नहीं मांगी तो पुलिस या अदालत के जरिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करीना के बचाव में भी उठी आवाज
दूसरी तरफ, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना कपूर का बचाव किया है। उनका कहना है कि हिंदू धर्म में देवी-देवताओं के लॉकेट पहनना पवित्र माना जाता है। इसी तरह मुस्लिम समुदाय के लोग भी पवित्र आयतों वाले ताबीज पहनते हैं। ऐसे में करीना के पेंडेंट पहनने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। चंद्रशेखर ने यहां तक कहा कि करीना को माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस विरोध की असली वजह कहीं करीना का दिवाली मनाना तो नहीं है?
पेंडेंट का शाही इतिहास
इस पेंडेंट का शाही इतिहास और धार्मिक महत्व भी चर्चा में है। यह बेशकीमती पन्ना भोपाल रियासत के अंतिम नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी बेगम साजिदा सुल्तान (1915-1995) की शाही विरासत का हिस्सा था। 1961 में बेगम साजिदा सुल्तान भोपाल की बेगम बनीं। इस रत्न को उन्होंने शाही विरासत के रूप में संजोकर रखा। पेंडेंट में करीब 30 कैरेट का गहरे हरे रंग का अष्टकोणीय पन्ना लगा है। पन्ने को हीरों से जड़े सोने के फ्रेम में मढ़ा गया है और इसके साथ हीरे जड़ित चेन भी लगी है।
आयत-अल-कुर्सी का धार्मिक महत्व
पन्ने की सतह पर कुरान की सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत यानी आयत-अल-कुर्सी बारीक कारीगरी से उकेरी गई है। मुगल और नवाबी दौर में कीमती रत्नों पर कुरान की आयतें खुदवाने की परंपरा रही है। ऐसे आभूषणों को तावीज और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में भी पहना जाता था। आयत-अल-कुर्सी को इस्लाम में विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है। इसे हिफाजत, बरकत और बुरी नजर से बचाव का प्रतीक माना जाता है। नाजुक पन्ने पर इतनी बारीकी से पूरी आयत उकेरना उस दौर के शाही कारीगरों की असाधारण हुनरमंदी को दर्शाता है।

