भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को स्पष्ट कर दिया है कि मध्य प्रदेश में कार्यरत किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में लागू व्यवस्था आगे भी कायम रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में फैलाई जा रही खबरें भ्रामक हैं। मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह ऐलान किया। इस दौरान मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
![]()
कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने कहा, किसी सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर बढ़ेगा। समारोह में कर्मचारी संगठनों ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी नीति समाप्त करने, पदोन्नति देने और वेतन-भत्तों में बढ़ोतरी सहित कई कर्मचारी हितैषी फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं का निराकरण किया है और मध्यप्रदेश सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति देने के मामले में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों कार्यरत हैं।
दो संतान की सीमा खत्म, पदोन्नति में छूट
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसी तरह सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी यानी कंप्यूटर प्रवीणता प्रमाणन परीक्षा की अनिवार्यता से छूट दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है और योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने और अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी ही करते हैं। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
एक लाख से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी रहेगी और सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ कर्मचारियों को आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है, जिससे कई विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह मिलकर काम कर रहे हैं।
अनुकंपा नियुक्ति और भत्तों पर फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट सहित लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है और कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन-भत्तों में कोई विलंब नहीं होना चाहिए। दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवार की सहायता के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इसमें विभागों के बीच प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है और स्कूल शिक्षा विभाग ने ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिए जाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य से सहमति लेने की असंगत प्रथा को भी खत्म कर दिया गया है। राज्य सरकार ने अधिकारी-कर्मचारियों के विभिन्न विषयों और उनकी परेशानियों को बारीकी से समझने के लिए मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया है। समारोह में मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, म.प्र. लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, म.प्र. शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, म.प्र. अनुसूचित जाति जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेश राठौर और म.प्र. सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ अध्यक्ष सुभाष वर्मा समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

