धनुष और ममूटी की फिल्म ‘OM: ऑपरेशन मोल’ की रिलीज को अब कुछ ही घंटे बचे हैं। यह फिल्म शुक्रवार, 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले ही यह फिल्म दर्शकों का ध्यान खींच रही है। खास बात यह है कि एडवांस बुकिंग खुलते ही बुकमायशो पर फिल्म की करीब 2 लाख टिकटें बिक गई हैं। तमिल, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हो रही इस एक्शन थ्रिलर को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज दिख रहा है।

एडवांस बुकिंग में जबरदस्त रिस्पॉन्स
14 नवंबर को मेकर्स ने ‘ओ एम चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ यानी ‘ऑपरेशन मोल’ का ट्रेलर जारी किया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इसके बाद फिल्म की तमिल, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में एडवांस बुकिंग लाइव हो गई। बुकिंग शुरू होते ही बुकमायशो पर फिल्म की करीब 2 लाख टिकटें बिक चुकी हैं। रिलीज बिल्कुल करीब है, ऐसे में दर्शकों से मिला यह रिस्पॉन्स इसकी थिएट्रिकल जर्नी के लिए शानदार शुरुआत की ओर इशारा कर रहा है।
लाल चंदन तस्करी पर आधारित कहानी
‘OM: ऑपरेशन मोल’ एक एक्शन थ्रिलर है, जिसकी कहानी आंध्र प्रदेश में लाल चंदन की अवैध तस्करी के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी दर्शकों को उस इलाके के घने जंगलों में ले जाती है, जहां एक अंडरकवर मिशन के दौरान एक अधिकारी तस्करी के एक खतरनाक नेटवर्क के बीच फंस जाता है। जब वह इस नेटवर्क के अंदर घुसने की कोशिश करता है, तो उसका सामना ताकतवर लोगों और ऐसे हालात से होता है, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। हर कदम पर पकड़े जाने के खतरे के बीच, यह मिशन जल्द ही अस्तित्व की लड़ाई में बदल जाता है, जहां भरोसा और वफादारी की कड़ी परीक्षा होती है।
धनुष-ममूटी की जोड़ी सबसे बड़ा आकर्षण
फिल्म में धनुष और ममूटी जैसे स्टार नजर आने वाले हैं। इनके अलावा ‘रामायण’ की सीता यानी साई पल्लवी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में श्रीलीला, नसीरुद्दीन शाह और इंद्रन्स जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर से फिल्म की दुनिया की एक झलक मिलती है, जिसमें अंडरकवर ऑपरेशन, अपराध और आमने-सामने की कड़ी टक्कर देखने को मिलती है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि धनुष और ममूटी एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं, जो इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण है। फिल्म में ममूटी खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे।
6 बजे के शोज की अनुमति, यू/ए सर्टिफिकेट
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने फिल्म के सुबह 6 बजे के शोज की अनुमति दी है, जिसके लिए धनुष ने उनका आभार जताया है। राजकुमार पेरियासामी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी दे दी है। फिल्म का निर्माण श्रद्धा अग्रवाल, धनुष और अजमत जगमग ने किया है, जबकि आरटेक स्टूडियो और वंडरबार फिल्म्स का सपोर्ट मिला है। फिल्म में संगीत साई अभ्यंकर ने दिया है।
सितंबर से टली थी रिलीज
पहले यह फिल्म सितंबर में रिलीज होने वाली थी, लेकिन रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ के चलते मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे खिसका दी। अब यह फिल्म 20 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म के शीर्षक के साथ ‘चैप्टर 1’ की टैगलाइन दी गई है, जिससे इसके सीक्वल की संभावना भी जताई जा रही है। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों को देखते हुए फिल्म के पहले दिन की कमाई को लेकर भी उम्मीदें बढ़ गई हैं।

