मध्य प्रदेश एक बार फिर फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनता दिख रहा है। आने वाले महीनों में इंदौर रीजन के महेश्वर और उज्जैन में कई वेब सीरीज और फिल्मों की शूटिंग होगी। अभिनेता रविकिशन जनवरी से इंदौर, उज्जैन और महेश्वर में अपनी फिल्म की शूटिंग करेंगे। वहीं, अभिनेत्री राधिका आप्टे अभिनीत एक फिल्म की शूटिंग चंदेरी में 1 जनवरी से शुरू होगी। इन दिनों इंदौर सहित उज्जैन और महेश्वर में कई फिल्म निर्माण कंपनियों की टीमें लोकेशन की रैकी कर रही हैं।

तीन बड़े प्रोजेक्ट, दिसंबर से शूटिंग
इंदौर की लाइन प्रोडक्शन कंपनी की टीम प्रदेशभर में इन टीमों की रैकी करवा रही है। हाल ही में तीन प्रोजेक्ट इस कड़ी में शामिल हैं। भोपाल में वेब सीरीज ‘ब्लैक वारंट’ की शूटिंग 15 दिसंबर से शुरू होगी। चंदेरी में राधिका आप्टे अभिनीत फिल्म की शूटिंग 1 जनवरी से होगी, जबकि इंदौर रीजन के उज्जैन और महेश्वर में रविकिशन अभिनीत फिल्म की शूटिंग जनवरी से शुरू होगी। लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे ने बताया कि इन प्रोजेक्ट्स से स्थानीय कलाकारों को काम मिलेगा। इसके साथ ही भोजन, निजी सुरक्षा, तकनीकी सहायता और अभिनय से जुड़े क्षेत्रों में भी रोजगार की संभावनाएं बनेंगी।
प्रियदर्शन भी कर गए रैकी
पिछले महीने ही मशहूर बॉलीवुड फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन एक लोकेशन की तलाश में महेश्वर आए थे। उन्होंने महेश्वर किला और घाट परिसर के साथ ही सहस्रधारा की खूबसूरत लोकेशन की रैकी की थी। निर्देशक प्रियदर्शन कॉमेडी फिल्मों के साथ ही हॉरर कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। वे अपनी आगामी फिल्म के एक गीत की शूटिंग की लोकेशन की तलाश में यहां पहुंचे थे। रैकी ड्रीम वर्ल्ड मूवीज एंड प्रोडक्शन के लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे और उनकी टीम शुभम व्यास, नरेंद्र राठौड़ और लकी टांक ने करवाई थी। संभव है कि वे मार्च में यहां शूटिंग के लिए आ सकते हैं।
मध्य प्रदेश क्यों बन रहा फिल्म निर्माताओं की पसंद
मध्य प्रदेश अपने शांत माहौल, शानदार प्राकृतिक छटा और बेहतरीन लोकेशंस के चलते अब निर्माताओं की पहली पसंद बन चुका है। राज्य सरकार की फिल्म फ्रेंडली नीतियों के कारण प्रदेश में इन दिनों अक्सर बड़े प्रोजेक्ट्स की शूटिंग हो रही है। महेश्वर का किला और घाट, उज्जैन का धार्मिक और ऐतिहासिक परिवेश तथा चंदेरी की विरासत फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही है। इंदौर रीजन में शूटिंग बढ़ने से स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेगा मौका
इन फिल्म और वेब सीरीज प्रोजेक्ट्स से मालवा अंचल के स्थानीय कलाकारों और युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। शूटिंग के दौरान स्थानीय स्तर पर भोजन, आवास, परिवहन, सुरक्षा और तकनीकी सहयोग की जरूरत पड़ती है, जिससे छोटे कारोबारियों और कामगारों को भी सीधा फायदा होता है। आने वाले महीनों में इंदौर, उज्जैन, महेश्वर और चंदेरी में फिल्मी हलचल बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पूरे क्षेत्र की पहचान फिल्म शूटिंग हब के रूप में और मजबूत होगी।

