बॉलीवुड के दमदार अभिनेता और समाजसेवा के लिए मशहूर Sonu Sood एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्मों या समाजसेवा की नहीं बल्कि प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की पूछताछ है। मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़े मामले में सोनू सूद को दिल्ली स्थित ईडी दफ्तर में पेश होना पड़ा। वह अपनी लीगल टीम के साथ वहां पहुंचे और कई घंटों तक उनसे पूछताछ की गई।
1xBet मामले में सेलिब्रिटी की जांच
ईडी इन दिनों 1xBet नामक गैरकानूनी बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच कर रही है। इस ऐप पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं और यह भारत में प्रतिबंधित है। हाल ही में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह से भी इस मामले में पूछताछ हुई थी। अब सोनू सूद का नाम भी इसी कड़ी में सामने आया है। अधिकारियों का मानना है कि कुछ मशहूर हस्तियों ने अप्रत्यक्ष रूप से इस ऐप का प्रमोशन किया जिससे इसे भारत में वैधता मिलने लगी।
View this post on Instagram
रॉबिन उथप्पा से भी हुई पूछताछ
इस मामले में सिर्फ युवराज सिंह और सोनू सूद ही नहीं बल्कि क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा से भी ईडी ने पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया एक चल रही जांच का हिस्सा है। आगे की कार्रवाई इस बात पर निर्भर करेगी कि पूछताछ और वित्तीय विश्लेषण से क्या निष्कर्ष निकलते हैं। एजेंसी का शक है कि यह प्लेटफॉर्म विदेशों से संचालित होकर भारत में अवैध रूप से काम करता रहा है और इसमें टैक्स चोरी व मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गड़बड़ियां हुई हैं।
कई सालों से चल रही जांच
1xBet प्लेटफॉर्म पर पहले भी कई एजेंसियां जांच कर चुकी हैं। आरोप है कि यह कंपनी भारत में परोक्ष वेबसाइट्स और विदेशी संस्थाओं के जरिए सक्रिय रही। सीबीआई ने भी पहले इस ऐप के ऑपरेटर्स पर केस दर्ज किया था क्योंकि यह भारतीय यूज़र्स को निशाना बना रहा था। इसके बाद ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। अब सवाल यह है कि बड़े चेहरों के नाम सामने आने के बाद मामला किस दिशा में जाएगा।
समाजसेवा के लिए मशहूर हैं सोनू सूद
सोनू सूद की छवि समाजसेवी कलाकार की रही है। कोरोना काल के दौरान उन्होंने लाखों लोगों की मदद की थी। हाल ही में वह पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी राहत कार्य के लिए पहुंचे थे। उनकी इस छवि के कारण उनके नाम पर जांच की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है। हालांकि सच क्या है यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा।

