आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म उड़ता तीर 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन रिलीज से ठीक पहले फिल्म को नेपाल में बड़ा झटका लगा है। नेपाल के केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड ने इस कॉमेडी स्पाई थ्रिलर को वहां प्रदर्शित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, जिसके चलते नेपाल में इस फिल्म की सार्वजनिक स्क्रीनिंग फिलहाल नहीं हो पाएगी।

क्यों लगी फिल्म पर रोक
नेपाल की स्थानीय न्यूज वेबसाइट ऑनलाइनखबर की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी नेशनल सिने ग्रुप को एक आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित किया कि यह फिल्म जरूरी टेस्ट पास नहीं कर पाई है। पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड की समीक्षा में पाया गया कि उड़ता तीर का कंटेंट राष्ट्रीय सिनेमा (उत्पादन, प्रदर्शन और वितरण) अधिनियम, 2026 की धारा 8(3) के तहत तय पाबंदियों के दायरे में आता है। इसी धारा के तहत फिल्म को नेपाल में बैन कर दिया गया है।
कहानी की वजह से हुआ बैन
नेपाल के फिल्म लेखक और समीक्षक समीप्याराज तिमिल्सिना के अनुसार, फिल्म को उसकी स्टोरीलाइन की वजह से रोका गया है। फिल्म की कहानी भारत और पाकिस्तान के रिश्तों के बीच के तनाव के इर्द-गिर्द घूमती है। तिमिल्सिना का कहना है कि नेपाल में ऐसी फिल्मों पर रोक लगाने का प्रावधान है, जो किसी दूसरे देश की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हों या मित्र देशों के साथ नेपाल के संबंधों पर बुरा असर डाल सकती हों।
क्या है उड़ता तीर की कहानी
उड़ता तीर की कहानी एक ऐसे जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी याददाश्त चली गई है। फिल्म में आयुष्मान खुराना एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो एक मिशन के बाद अपनी याददाश्त खो बैठता है और उसके मन में भारत के प्रति राष्ट्रवादी भावनाएं जाग उठती हैं। यहां तक कि वह देश की आतंकवाद-रोधी इकाई में शामिल होकर अनजाने में डबल एजेंट बन जाता है। फिल्म देशभक्ति और हास्य को एक साथ पिरोने वाली कॉमेडी स्पाई थ्रिलर है।
कलाकार और निर्माता टीम
फिल्म का निर्देशन आकाश ए. कौशिक ने किया है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा फिल्म में रघुबीर यादव, गुलशन ग्रोवर, राहुल बोस और राम कपूर जैसे अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट का संयुक्त निर्माण है, जिसमें करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्वा मेहता के साथ-साथ गुनित मोंगा कपूर और अचिन जैन भी जुड़े हैं।
पहले भी टल चुकी है रिलीज
बता दें कि उड़ता तीर पहले 9 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने बड़ी फिल्मों से टकराव से बचने के लिए रिलीज टाल दी थी। मेकर्स नहीं चाहते थे कि फिल्म का मुकाबला दृश्यम 3 और जेलर 2 जैसी बड़ी रिलीजों से हो। अब 23 अक्टूबर को उड़ता तीर के साथ सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की तू है मेरी किरण, पहला प्यार दूसरी बार, राजस्थानी फिल्म धूड़ और ईशा मालविय-गुरमीत चौधरी की तुम मेरे हो भी रिलीज हो रही हैं।
प्रमोशन में कोई कमी नहीं
रिलीज से पहले आयुष्मान खुराना और सारा अली खान फिल्म के प्रमोशन में पूरी ताकत झोंक चुके हैं। दोनों अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंचे थे, जहां सारा प्रार्थना के दौरान भावुक होकर रोती नजर आईं। इसके बाद दोनों वाघा बॉर्डर भी गए, जहां आयुष्मान ने फिल्म के देशभक्ति गीत ‘जय हिंद’ की धुन पर भीड़ का मनोरंजन किया।

