रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों स्काउट ओपी उर्फ तन्मय सिंह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। घर में लवप्रीत कौर गिल के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों ने काफी सवाल खड़े किए हैं। इसी बीच ‘वीकेंड का वार’ के हालिया एपिसोड में स्काउट ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि काशवी
हिरानंदानी उनकी गर्लफ्रेंड नहीं, बल्कि मंगेतर हैं।
सलमान के सवाल पर बड़ा खुलासा
वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने स्काउट ओपी से उनके रिश्तों को लेकर सवाल किए। सलमान ने स्काउट से पूछा कि क्या उनके मन में लव के लिए फीलिंग्स हैं? इस पर स्काउट ने साफ कहा कि लव उनके लिए सिर्फ एक कंटेस्टेंट हैं। इसी बातचीत के दौरान स्काउट ने अपनी पर्सनल लाइफ का खुलासा करते हुए बताया कि काशवी हिरानंदानी उनकी मंगेतर हैं। उन्होंने कहा, “मैंने पहले कभी ये बात नहीं बताई और किसी को नहीं पता, लेकिन वो मेरी मंगेतर हैं। मेरी जिंदगी के सबसे मुश्किल वक्त में वो मेरे साथ रही हैं और मैं नहीं चाहता कि उनके साथ मेरा रिश्ता खराब हो। मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा है, लेकिन अब मैं चीजों को संभालूंगा।”
सलमान खान ने स्काउट से लव गिल के साथ उनकी दोस्ती और उससे जुड़े विवाद पर भी बात की। उन्होंने समझाया कि उन्हें अपने फैसलों की जिम्मेदारी खुद लेनी चाहिए, न कि दूसरों के कहने पर चलना चाहिए। सलमान ने दोनों को सोलो गेम खेलने की सलाह भी दी।
कौन हैं काशवी हिरानंदानी
काशवी हिरानंदानी एक गेमिंग कंटेंट क्रिएटर हैं। स्काउट ओपी और काशवी करीब पांच साल से रिलेशनशिप में हैं। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। इससे पहले भी स्काउट बिग बॉस के घर में लव गिल से बातचीत के दौरान अपने कमिटेड रिलेशनशिप का जिक्र कर चुके हैं।
लव गिल से नजदीकी पर क्यों उठे सवाल
बता दें, इससे पहले वीकेंड का वार के एक एपिसोड में काशवी बिग बॉस के घर पहुंची थीं। यहां उन्होंने स्काउट से लव गिल के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों को लेकर सवाल किए थे। उन्होंने दोनों के बीच बार-बार होने वाली फिजिकल बातचीत और मसाज जैसी चीजों पर भी आपत्ति जताई थी। काशवी ने स्काउट को अपनी बाउंड्रीज बनाए रखने और अपने गेम पर ध्यान देने की सलाह दी थी। वीकेंड का वार में इस मुद्दे पर सलमान खान ने भी लव गिल और स्काउट दोनों की क्लास लगाई थी, जिसके बाद घर के कई सदस्यों ने भी स्काउट की हालत का जिम्मेदार लव को बताया था।
नेहा भसीन ने किया लव गिल का समर्थन
इस पूरे मामले पर बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट और सिंगर नेहा भसीन ने भी अपनी राय रखी है। नेहा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक साथ तीन स्टोरी लगाईं और लव गिल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शो में लव के खिलाफ एकतरफा माहौल बनाया जा रहा है, जबकि स्काउट को बचाया जा रहा है। नेहा ने मेकर्स पर टीआरपी के लिए टॉक्सिक माहौल को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। नेहा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बिग बॉस 20 को लेकर बहस और तेज हो गई है।
इस हफ्ते कोई एलिमिनेशन नहीं
इसी वीकेंड का वार में एलिमिनेशन को लेकर भी बड़ा ट्विस्ट देखने को मिला। इस हफ्ते घर के लगभग सभी सदस्य नॉमिनेटेड थे, लेकिन सलमान खान ने बताया कि इस हफ्ते कोई बेघर नहीं होगा। हालांकि, सबसे कम वोट पाने वाली कंटेस्टेंट माही विज को अपनी दो लाइफलाइनों में से एक गंवानी पड़ी। अब माही के पास केवल एक लाइफलाइन बची है।

