back to top
Tuesday, November 17, 2026
Homeराजनीतिगांधी सागर के बैकवॉटर में होगी MP कैबिनेट, क्रूज से पहुंचेंगे सीएम

गांधी सागर के बैकवॉटर में होगी MP कैबिनेट, क्रूज से पहुंचेंगे सीएम

मध्य प्रदेश की मोहन सरकार इस बार अपनी कैबिनेट की बैठक एक अनोखी जगह पर करने जा रही है। मंदसौर जिले में स्थित गांधी सागर डैम के बैकवॉटर में डेस्टिनेशन कैबिनेट की बैठक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हिंगलाज मंदिर से क्रूज पर सवार होकर कैबिनेट बैठक के लिए बनाए गए गांधी सागर फॉरेस्ट रिट्रिट स्थल तक पहुंचेंगे। इस बैठक को खास बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

उद्योग और निवेश पर रहेगा फोकस

बैठक में उद्योगों को बढ़ावा देने और प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ाने वाली कई महत्वपूर्ण नीतियों को मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके साथ ही मेगा इंडस्ट्री पैकेज की शर्तों में बदलाव से जुड़ा प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने आ सकता है। मेगा इंडस्ट्री पैकेज की शर्तों में बदलाव का उद्देश्य बड़े निवेश प्रस्तावों को आकर्षित करना और औद्योगिक परियोजनाओं को प्रोत्साहन देना है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में बड़े उद्योगों के निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए।

बैकवॉटर किनारे चार डोम, 200 लोगों के इंतजाम

बैकवॉटर के किनारे बैठक के लिए चार डोम तैयार किए गए हैं। कैबिनेट बैठक के लिए बनाए गए डोम का बैकग्राउंड पारदर्शी रखा गया है, ताकि बैठक के दौरान गांधी सागर डैम और बैकवॉटर का प्राकृतिक दृश्य दिखाई दे। यहां करीब 200 लोगों के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। एक डोम में कैबिनेट की बैठक होगी, जबकि दूसरे में मंत्रियों और अधिकारियों के भोजन की व्यवस्था रहेगी। तीसरे डोम में मीडिया कर्मियों और अन्य लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है। चौथा डोम प्रेसवार्ता के लिए तैयार किया गया है। आयोजन स्थल पर गर्मी से बचाव के लिए 30 से अधिक एसी भी लगाए गए हैं।

डोम में दिखेगी गांधी सागर की पहचान

कैबिनेट बैठक के लिए तैयार डोम को गांधी सागर और आसपास के प्राकृतिक परिवेश की थीम पर सजाया गया है। इसकी अंदरूनी दीवारों पर गांधी सागर डैम, चीता, गिद्ध, हिरण, मगरमच्छ और पशुपतिनाथ मंदिर के चित्र लगाए गए हैं। साथ ही पवन ऊर्जा से जुड़ी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं। इसके जरिए क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, वन्यजीव और ऊर्जा की संभावनाओं को प्रदर्शित करने की कोशिश की गई है।

गांधी सागर को क्यों चुना

मोहन सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों को पहचान दिलाने के उद्देश्य से डेस्टिनेशन कैबिनेट की पहल शुरू की है। गांधी सागर को इस बार बैठक के लिए चुनने के पीछे पर्यटन की संभावनाओं के साथ क्षेत्र की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताएं भी अहम हैं। गांधी सागर डैम का विशाल जल क्षेत्र और आसपास का प्राकृतिक परिवेश इसे खास बनाता है। यहां गांधी सागर अभयारण्य भी है, जो वन्यजीव और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। गांधी सागर अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक रहवास के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह क्षेत्र गिद्धों की आबादी और जीर्णोद्धार कार्य के लिए भी जाना जाता है। यहां परमार कालीन स्थापत्य कला और मूर्तियों की समृद्धि को सहेजने के लिए जीर्णोद्धार कार्य किए जा रहे हैं। यहां चतुर्भुज नाथ नाला में प्रागैतिहासिक शैलचित्र मौजूद हैं, इसलिए विश्व-विख्यात प्रागैतिहासिक रॉक आर्ट की सुरक्षा और पुरातात्विक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा गांधी सागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और साहसिक खेलों के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प क्षेत्र में नए रोजगार अवसर सृजित किए गए हैं।

11,500 करोड़ की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना

गांधी सागर क्षेत्र में पर्यटन के साथ ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक विकास की भी संभावनाएं हैं। हाइड्रो पंप्ड स्टोरेज परियोजना जैसी पहल से ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के रास्ते खुल सकते हैं। इसके साथ ही 11,500 करोड़ रुपये की 1,920 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का अवसर लेकर आई है। सरकार इस बैठक के जरिए मालवा क्षेत्र में पर्यटन, ऊर्जा और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को सामने लाना चाहती है।

अब तक कहां हो चुकी है डेस्टिनेशन कैबिनेट

अब तक आठ डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठकें हो चुकी हैं। पहली बैठक 3 जनवरी 2024 को जबलपुर में रानी दुर्गावती के शौर्य को नमन के साथ हुई। इसके बाद 5 अक्टूबर 2024 को सिंग्रामपुर (दमोह), 24 जनवरी 2025 को महेश्वर (खरगोन) में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को समर्पित, 20 मई 2025 को इंदौर के राजवाड़ा में अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष पर, 3 जून 2025 को पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह को समर्पित, 9 दिसंबर 2025 को खजुराहो में विश्व धरोहर स्थल पर, 2 मार्च 2026 को नागलवाड़ी (बड़वानी) में जनजातीय संस्कृति को समर्पित और 19 जुलाई 2026 को जगदीशपुर (भोपाल) में आठवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट हुई। गांधी सागर की बैठक इस कड़ी की अगली बैठक होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments