back to top
Tuesday, November 17, 2026
Homeराजनीतिधार: 1353 करोड़ की डही परियोजना लोकार्पण, 126 गांवों को नर्मदा जल

धार: 1353 करोड़ की डही परियोजना लोकार्पण, 126 गांवों को नर्मदा जल

जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश को एक बड़ी सौगात मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धार जिले के डही में 1,353 करोड़ रुपये की डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया गया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस परियोजना का लोकार्पण किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।

धार में डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

126 गांवों को मिलेगा नर्मदा का पानी

इस परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों तक नर्मदा नदी का पानी सिंचाई के लिए पहुंचेगा। इससे करीब एक लाख हेक्टेयर जमीन में सिंचाई संभव होगी और लाखों किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि नर्मदा यहां से सिर्फ 7 किलोमीटर दूर है, लेकिन इस परियोजना के जरिए पानी 58 किलोमीटर दूर तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कुंवर विजय शाह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लोकार्पण के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल और जनजातीय वर्ग के उत्थान से जुड़े कार्यों की प्रदर्शनी भी देखी। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी बांटे गए और जनजातीय विकास के लिए काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने आदिवासी नायकों को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में देश के जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की गाथाएं हमारी धरती से जुड़ी हैं। देश में 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है और अब यह एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम हुए थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के अलग-अलग राज्यों में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक का भूमिपूजन किया गया है। इनमें जनजातीय संग्रहालय और शिक्षा से जुड़े विकास कार्य भी शामिल हैं। आज देशभर में 30 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात मिली है।

50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं और नक्सलवाद व माओवादी आतंक से मुक्ति भी एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये का बजट रखा है। देश के गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए और 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई, जहां आजादी के बाद भी बिजली नहीं पहुंची थी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है और देशभर में एक लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए हैं। मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के लोन दिया गया, जिससे गरीब और जनजातीय समाज के लोगों में आत्मविश्वास पैदा हुआ है।

मुख्यमंत्री बोले- आज सारे त्योहारों का मजा आ गया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज होली-दीपावली सहित सारे त्योहारों का मजा आ गया। उन्होंने रहीम दास का दोहा सुनाते हुए कहा कि पानी के बिना खेती अधूरी है और इसके बिना गांवों से पलायन होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी जिलों को लाभ मिला है, लेकिन धार-झाबुआ-आलीराजपुर को उनका ज्यादा स्नेह मिला है। उन्होंने बताया कि अभी सरदारपुर में चार हजार करोड़ रुपये की पाइपलाइन के लोकार्पण को भी 15 दिन नहीं हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से निमाड़-मालवा के छह लाख कपास उत्पादक किसानों को फायदा होगा और धार में तीन लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाया गया और भगौरिया को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनवाया गया। यह सरकार की आदिवासी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments