मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी पहुंचे, जहां उन्होंने जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जिले को 357.71 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं, जिनमें सड़क, बिजली, उद्योग और रोजगार से जुड़े काम शामिल हैं।

82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के तहत स्वीकृत विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 8.64 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हुए 10 विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ, जबकि 349.07 करोड़ रुपये की लागत वाले 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय जिले का कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए।
सड़क, बिजली और उद्योग को लेकर बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री ने कटनी से सिंगरौली तक फोर लेन सड़क बनाने की घोषणा की। ब्यौहारी विधानसभा में 10 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बनेगी, जबकि हनुमान मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क को मंजूरी दी गई। मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाने की भी घोषणा हुई। शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑडिटोरियम बनेगा। संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा और हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम शहडोल भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल में नए इंडस्ट्रियल पार्क का जल्द ही भूमिपूजन होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। अगले महीने शहडोल में 4000 करोड़ रुपये की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जयसिंह नगर को 291 करोड़ रुपये की लागत से बिजली की सुविधा भी मिलेगी।
हितग्राहियों को मिले हितलाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। स्वामित्व योजना के तहत संजीव गोंड, रतन गोंड और नन्दलाल गोंड को स्वामित्व प्रमाण पत्र दिए गए। स्वरोजगार योजना के तहत हितग्राही जग्गू बैगा को 20 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक और प्रमाण पत्र दिया गया। सामुदायिक वन संसाधन के अंतर्गत ग्राम नवगांव के जनकधारी सिंह और मनीष सिंह गोंड को वनाधिकार अधिनियम के तहत अधिकार पत्र मिले। आजीविका मिशन के अंतर्गत देवा परसापारा सामुदायिक समूह की कविता कोल और गुड़िया कोल को बीपीएल योजना के तहत 3-3 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए।
बिरसा मुंडा को किया याद, 2 लाख नौकरियों का वादा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के महान क्रांतिकारी और जननायक बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष से तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी थी। वे जल, जंगल और जमीन के लिए अपने कार्यों के आधार पर पूज्यनीय हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बिरसा मुंडा की जयंती, 15 नवंबर, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की है और आगे भी 2 लाख नए पदों पर नौकरी दी जाएगी। पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में लगभग डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 से अब तक प्रदेश में कुल 60 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया गया है। प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं दौड़ेंगी। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के माध्यम से अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है और लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और वीरता की गाथाओं को प्रदर्शित किया गया। इस कार्यक्रम में देश के 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के भाई-बहन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

