अंतरिक्ष की दुनिया में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने एक नया इतिहास रच दिया है। स्पेसएक्स ने पहली बार अंतरिक्ष से लौटे अपने स्टारशिप यान को हवा में ही कैच कर लिया है। यह यान पृथ्वी के 14 चक्कर लगाने के बाद शनिवार को वापस लौटा, जहां लॉन्च पैड पर लगी विशालकाय यांत्रिक भुजाओं ने उसे हवा में ही पकड़ लिया। ऐसा पहली बार हुआ है, जब अंतरिक्ष से लौट रहे स्टारशिप को इस तरह सफलतापूर्वक कैच किया गया हो।

407 फीट लंबे रॉकेट ने 14 चक्कर लगाए
अमेरिका के टेक्सास स्थित स्पेसएक्स के स्टारबेस से शुक्रवार को दुनिया का सबसे बड़ा और ताकतवर रॉकेट स्टारशिप लॉन्च किया गया था। करीब 407 फीट यानी 124 मीटर लंबे इस रॉकेट ने अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचकर 26 उन्नत स्टारलिंक सैटेलाइट छोड़े। इसके बाद स्टारशिप ने पृथ्वी से करीब 265 किलोमीटर ऊपर 14 चक्कर लगाए।
करीब 22 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद शनिवार को स्टारशिप पृथ्वी पर लौटा। इस दौरान लॉन्च टावर पर लगी विशालकाय यांत्रिक भुजाओं ने उसे हवा में ही पकड़ लिया। स्पेसएक्स की इस तकनीक को मेकाजिला नाम दिया गया है। इसका मकसद रॉकेट के बड़े हिस्सों को सुरक्षित वापस लाना और उनका दोबारा इस्तेमाल करना है।
बूस्टर पकड़ने में नाकामी, फिर भी बड़ी कामयाबी
हालांकि, इस मिशन में स्पेसएक्स को पूरी सफलता नहीं मिली। स्टारशिप का पहला चरण यानी बूस्टर वापस लौटते समय नाकाम हो गया और मैक्सिको की खाड़ी में जा गिरा। इसके बावजूद अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक पकड़ना स्पेसएक्स के लिए बड़ी उपलब्धि है। कंपनी इससे पहले तीन बार बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुकी है, जिससे यह तकनीक साबित हो चुकी है।
लॉन्च टावर की भुजाओं के सहारे हवा में लटके इस अंतरिक्ष यान को कैमरों ने हर तरफ से दिखाया। स्पेसएक्स के कमेंटेटर डैन ह्यूओट ने उत्साह से कहा, ‘क्या आप यकीन कर सकते हैं? इसे देखिए! कमाल है, यह वापस आ गया है!’ एलन मस्क ने भी अपनी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी। स्पेसएक्स के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार की यह सफलता साबित करती है कि स्टारशिप को पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है, जो अंतरिक्ष यात्रा को तेज और सस्ता बनाने के लिए बहुत जरूरी है।
नासा क्यों खुश है
स्पेसएक्स की इस कामयाबी पर नासा भी खुश है। नासा इस दशक के अंत में आर्टेमिस मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारने और वहां एक स्थायी बेस बनाने के लिए स्टारशिप का उपयोग कर रहा है, जिसके लिए वे अरबों डॉलर का भुगतान कर रहे हैं। एलन मस्क के इरादे और भी बड़े हैं। वे मंगल ग्रह पर एक शहर बसाने के लिए स्टारशिप का पूरा बेड़ा भेजना चाहते हैं।
ISRO भी इसी तकनीक पर कर रहा काम
स्पेसएक्स की इस सफलता से भारत को भी फायदा होगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो भी री-यूजेबल लॉन्च व्हीकल तकनीक पर काम कर रहा है। इसका मतलब है कि इसरो का रॉकेट अंतरिक्ष में सैटेलाइट भेजकर वापस आ जाए और उसका दोबारा इस्तेमाल हो सके। इसरो के इस प्रोजेक्ट का नाम आरएलवी है। इसके तहत पुष्पक नाम का एक विंग्ड स्पेसक्राफ्ट तैयार किया जा रहा है।
पुष्पक को इस तरह डिजाइन किया गया है कि भविष्य में इसे अंतरिक्ष में भेजने के बाद पृथ्वी के वायुमंडल में वापस लाया जा सके और यह हवाई जहाज की तरह रनवे पर उतर सके। इसरो ने जून 2024 में आरएलवी एलईएक्स-03 परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया था। इस परीक्षण में पुष्पक को भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर छोड़ा गया था। इसके बाद उसने अपने नेविगेशन सिस्टम की मदद से रनवे तक पहुंचकर खुद लैंडिंग की। हालांकि, भारत को अभी पुष्पक की कक्षा में जाकर वापस आने और पूर्ण री-यूजेबल लॉन्च सिस्टम विकसित करने जैसे बड़े चरण पार करने हैं।

