इंदौर में आज रविवार की शाम संगीत के नाम रहने वाली है। पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आज रात 8 बजे बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर होगा। करीब 4 लाख वर्गफीट में फैले इस विशाल मैदान में 40 हजार से ज्यादा दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। शो को लेकर शहर के युवाओं में जबरदस्त उत्साह है और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दिलजीत आज सुबह ही चार्टर प्लेन से इंदौर पहुंच चुके हैं और होटल मैरियट में ठहरे हैं।

रात 8 बजे मंच पर आएंगे दिलजीत
दिलजीत दोसांझ रविवार सुबह चार्टर प्लेन से इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट से वे करीब 10 गाड़ियों के काफिले के साथ होटल मैरियट पहुंचे। उनके इंदौर पहुंचने की खबर मिलते ही फैंस में उत्साह दोगुना हो गया है। दिलजीत ने छप्पन दुकान के पोहे खाने की इच्छा जताई है और वे सोमवार को शहर की किसी फूड स्ट्रीट पर भी जा सकते हैं। यह उनका इंदौर में लगातार दूसरे साल का शो है। पिछले साल 8 दिसंबर 2024 को हुए उनके शो में 24,622 दर्शक पहुंचे थे। इस बार आयोजकों को 40 हजार से ज्यादा भीड़ की उम्मीद है।
टिकट 1,500 से 8 लाख रुपये तक
कॉन्सर्ट के टिकट 1,500 रुपये से शुरू होकर 10 लोगों की वीआईपी टेबल के लिए 8 लाख रुपये तक रखे गए थे। यानी सबसे महंगे पैकेज में एक व्यक्ति का खर्च 80 हजार रुपये आया है। सबसे महंगा गोटा टेबल टिकट 5 लाख रुपये का है, जिस पर 10 लोग बैठ सकेंगे और वहां शराब भी परोसी जाएगी। अब तक 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और टिकट बिक्री से 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिल चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि ऑनलाइन 7,499 रुपये प्लस टैक्स में मिलने वाला गोल्ड टिकट अब सोशल मीडिया और वॉट्सएप ग्रुप्स पर कम कीमत में री-सेल हो रहा है। आयोजकों ने टिकट बिक्री का हिसाब नगर निगम को सौंप दिया है और मनोरंजन कर के रूप में 60 लाख रुपये भी जमा कराए हैं।
शाम 4 से रात 12 बजे तक बदला रहेगा ट्रैफिक
हजारों की भीड़ को संभालने और जाम से बचाने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने आज के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया है। शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। भारी वाहनों को मांगलिया और सेंट्रल पॉइंट वाले वैकल्पिक बायपास रास्तों से निकाला जाएगा। आम दर्शकों के लिए सी-21 बिजनेस पार्क में तीन जोन में निशुल्क पार्किंग बनाई गई है, जहां लोग कनाड़िया, रेडिसन और देवास की तरफ से तय रास्तों से पहुंच सकेंगे। वीवीआईपी मेहमानों के लिए लाभगंगा और द पार्क होटल के रास्ते से अलग गेट और खास कार पास की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड के अंदर सभी को उनकी टिकट कैटेगरी के हिसाब से ही एंट्री दी जाएगी। पुलिस और आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे पार्किंग और चेकिंग की लंबी प्रक्रिया से बचने के लिए शो शुरू होने से काफी पहले पहुंच जाएं।
700 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से निगरानी
हाल ही में शहर में मिले धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस प्रशासन इस बड़े आयोजन की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। महापौर सचिवालय, बैंकों और स्कूलों के साथ-साथ इस कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी भरे ई-मेल मिलने की बात सामने आई थी। इसी को देखते हुए कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ग्राउंड पर बम डिस्पोजल टीम चप्पे-चप्पे की जांच करेगी और आसमान से ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। दिलजीत के चार चर्चित गानों पर पहले से रोक लगी हुई है, फिर भी शो को लेकर फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ है।
ऑरा इंडिया टूर का इंदौर पड़ाव
दिलजीत का यह भारत दौरा 1 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर से शुरू हुआ था। इसके बाद इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ सहित कई शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिलजीत के प्रशंसकों के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि उनके टूर में चंडीगढ़ और कोलकाता को भी शामिल किया गया है। चंडीगढ़ में 12 दिसंबर और कोलकाता में 19 दिसंबर को कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इंदौर के बाद अब फैंस की नजरें अहमदाबाद शो पर टिक गई हैं।

