back to top
Thursday, November 5, 2026
Homeराज्यधार लोकायुक्त छापा: 25 लाख वेतन वाले प्रबंधक के पास करोड़ों की...

धार लोकायुक्त छापा: 25 लाख वेतन वाले प्रबंधक के पास करोड़ों की संपत्ति

इंदौर लोकायुक्त की टीम ने धार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। शुरुआती जांच में प्रबंधक के पास वैध आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के अनुसार, करीब बीस साल की नौकरी में प्रबंधक को जितना वेतन मिला, उससे 731 फीसदी ज्यादा की संपत्ति और खर्च का हिसाब सामने आया है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और तीनों ठिकानों पर तलाशी तथा दस्तावेजों की जांच जारी है।

बीस साल की नौकरी, 25 लाख वेतन, 3.32 करोड़ का हिसाब

लोकायुक्त के मुताबिक, नालछा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में पदस्थ प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर को बीस साल की सेवा में करीब 25 लाख रुपये वेतन मिला। कृषि व अन्य स्रोतों से करीब 15 लाख रुपये की आय जोड़ने पर उनकी कुल वैध आय लगभग 40 लाख रुपये बनती है। इसके मुकाबले जांच में अब तक 3 करोड़ 32 लाख 61 हजार 575 रुपये का अनुपातहीन व्यय पाया गया है, जो वैध आय से 731 प्रतिशत ज्यादा है। इसी आधार पर ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित तीन ठिकानों पर तीन टीमें एक साथ तलाशी ले रही हैं।

सोडपुर-नालछा में मकान और व्यावसायिक भवन

जांच में सामने आया है कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा और उस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर करीब 97 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक और भवन खरीदा गया है, जिसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हो रहा है। इस भवन की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।

पत्नी के नाम पर भी खरीदी गई कृषि जमीन

जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर भी कृषि भूमि की खरीद सामने आई है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपये में खरीदी गई। वहीं ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर जमीन की खरीद पर 42 लाख रुपये खर्च हुए। लोकायुक्त इन सभी संपत्तियों के दस्तावेजों और कीमतों का सत्यापन कर रहा है।

जेसीबी, ट्रैक्टर, कार और बुलेट भी मिलीं

लोकायुक्त के अनुसार, ठाकुर के पास जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि यंत्र-संयंत्र मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 53 लाख रुपये है। ठाकुर से जुड़े एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। अलग-अलग संपत्तियों पर मिले कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों के स्वामित्व और कीमत का आकलन भी चल रहा है। तलाशी में घर के सामान की इन्वेंट्री 1 करोड़ 22 लाख 69 हजार 200 रुपये, स्वर्ण-रजत आभूषण और नकद राशि 6 लाख 72 हजार 655 रुपये, नालछा स्थित मकान की इन्वेंट्री 1 लाख 14 हजार 450 रुपये और सोडपुर स्थित पैतृक मकान में मिली इन्वेंट्री 6 लाख 35 हजार 340 रुपये दर्ज की गई है।

जांच का नेतृत्व और आगे की कार्रवाई

यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई है। डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया तलाशी अभियान में शामिल हैं। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में हो रही है। एसपी राजेश सहाय ने बताया है कि तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों की वास्तविक कीमत और आय के अनुपात में अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम आकलन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments