back to top
Sunday, October 25, 2026
Homeखेलटीम इंडिया की 200वीं टी20 जीत, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया

टीम इंडिया की 200वीं टी20 जीत, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया और स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने 4 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया टी20 इंटरनेशनल में 200 जीत दर्ज करने वाला दुनिया का पहला देश बन गई है। भारत ने अब तक 300 टी20 मैच खेलकर 200 जीत दर्ज की हैं, जबकि 83 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। बाकी मुकाबले टाई रहे या उनका कोई परिणाम नहीं निकल सका।

क्राइस्टचर्च में रोमांचक मुकाबला

दूसरा टी20 मुकाबला शनिवार को क्राइस्टचर्च में खेला गया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 43 गेंद पर 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए, जबकि बेवन जैकब्स ने 46 गेंद पर 58 रन की पारी खेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।

70 पर 5 विकेट, फिर तिलक-नीतीश की वापसी

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टॉप ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया और एक समय 70 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। मिचेल सेंटनर ने एक ही ओवर में 2 विकेट लेकर भारत को मुश्किल में डाल दिया था। उन्होंने कप्तान श्रेयस को बोल्ड करने के बाद अक्षर पटेल को डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया। इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने 42 रन की बहुमूल्य साझेदारी कर टीम को मैच में बनाए रखा। नमन धीर ने 17 गेंद में 31 रन बनाए।

तिलक का अर्धशतक, 69 रन की अटूट साझेदारी

नमन के आउट होने के बाद तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने नाबाद 69 रन जोड़कर टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की। तिलक ने 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और नाबाद 51 रन बनाकर लौटे, जबकि नीतीश 26 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ भारत सीरीज में 2-0 से आगे हो गया है। इसी मैच में अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल के पावरप्ले में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बने।

सबसे ज्यादा टी20 जीतने वाले देश

सबसे ज्यादा टी20 जीत के मामले में भारत के आसपास कोई दूसरा देश नहीं है। दूसरे नंबर पर पाकिस्तान है, जिसके खाते में अब तक 176 जीत आई हैं। इसके बाद न्यूजीलैंड 135, दक्षिण अफ्रीका 129 और इंग्लैंड 128 जीत के साथ आते हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाला देश पाकिस्तान है, लेकिन जीत का दोहरा शतक सबसे पहले भारत ने लगाया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments