इंदौर में चल रहे SAGE Euphoria 2026 युवा महोत्सव में वॉलीबॉल के मैदान पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय (AKU), इंदौर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सेज यूनिवर्सिटी इंदौर के परिसर में 24 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित SAGE Euphoria वॉलीबॉल प्रतियोगिता में AKU की टीम ने एक के बाद एक दो जीत दर्ज कीं।

दो जीत से सेमीफाइनल का टिकट
विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर रूपेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि AKU इंदौर की टीम ने पहले Vortex 7 को पराजित किया और उसके बाद Mad Warrior के खिलाफ भी जीत दर्ज की। Mad Warrior के विरुद्ध टीम ने 25-18 और 25-15 के अंतर से जीत हासिल की। खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और संघर्षशील प्रदर्शन ने विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है।
विश्वविद्यालय ने दी बधाई
इस शानदार सफलता पर विश्वविद्यालय की सीईओ डॉ. दीपिका पाठक ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक है। कुलगुरु डॉ. डी.पी. तिवारी ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति, अनुशासन और टीम भावना को दर्शाती है। उपकुलपति डॉ. राजीव विश्वकर्मा, कुलानुशासक डॉ. करुणाकर शुक्ला, कुलसचिव डॉ. ब्रजेश कुमार साध, डीन ऑफ अकादमी डॉ. राकेश जाटव और संयुक्त परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुलशन कपूर सहित समस्त प्राचार्यों एवं प्राध्यापकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।
अब नजर फाइनल पर
अब AKU इंदौर की टीम की निगाहें सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश करने और SAGE Euphoria 2026 का चैंपियन बनने पर टिकी हैं। SAGE Euphoria 2026 सेज यूनिवर्सिटी इंदौर का वार्षिक युवा महोत्सव है, जो 23 से 30 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम, पावरलिफ्टिंग और आर्म रेसलिंग सहित कई खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

