back to top
Sunday, October 25, 2026
Homeखेलजिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया, क्रांति पर नजर

जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया, क्रांति पर नजर

वडोदरा में रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आत्मविश्वास से ओतप्रोत टीम इंडिया का इरादा इस मुकाबले में जीत दर्ज कर श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने का है। पहला वनडे जीतने के बाद टीम का मनोबल ऊंचा है और कप्तान स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली टीम इस लय को बरकरार रखना चाहेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगा। मध्य प्रदेश के लिए इस मैच में खास दिलचस्पी इसलिए भी है क्योंकि टीम में छतरपुर की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ शामिल हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया, क्रांति पर नजर

पहले वनडे में 9 विकेट से जीत

टी-20 श्रृंखला 3-0 से जीतने के बाद भारत ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हराया था। स्पिनर श्री चरणी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि प्रतिका रावल ने नाबाद 100 रन बनाए। तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने भी तीन विकेट लेकर जिम्बाब्वे की कमर तोड़ दी। जिम्बाब्वे की टीम 197 रन पर आउट हो गई और भारत ने 22 ओवर बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन और बल्लेबाजों की आक्रामकता ने इस जीत को एकतरफा बना दिया था।

प्रतिका-मंधाना की साझेदारी बनी आधार

टीम संयोजन पर काम कर रहे भारतीय टीम प्रबंधन के लिए प्रतिका रावल की पारी राहत की बात रही। उन्होंने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की और कप्तान स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े। दोनों ने प्रति ओवर दस की औसत से रन बनाए। प्रतिका की यह पारी टीम के लिए बड़े संकेत लेकर आई है, क्योंकि बड़े टूर्नामेंटों से पहले बल्लेबाजी क्रम का स्थिर होना सबसे बड़ी जरूरत होती है। दूसरे वनडे में भी टीम इसी आक्रामक शुरुआत की उम्मीद करेगी।

MP की क्रांति गौड़ पर रहेगी नजर

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के घुवारा गांव की रहने वाली क्रांति गौड़ ने पहले वनडे में तीन विकेट लेकर अपनी उपयोगिता फिर साबित की है। विश्व विजेता टीम की सदस्य रही क्रांति की तेज गेंदबाजी भारत के लिए नई गेंद से बड़ा हथियार है। महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में यूपी वॉरियर्स ने उन्हें 50 लाख रुपये में खरीदा था। मध्य प्रदेश की इस बेटी पर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी और दूसरे वनडे में भी उनसे शुरुआती विकेटों की उम्मीद की जाएगी।

फील्डिंग सुधारना होगी चुनौती

भारत को अपनी फील्डिंग पर काम करना होगा, क्योंकि जिम्बाब्वे की पारी की शुरुआत में दो कैच छूटे थे। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने धैर्य से काम किया, लेकिन बीच के ओवरों में साझेदारी नहीं बन सकी, जिस पर उन्हें काम करना होगा। शेरने मायेर्स ने अब तक नाबाद 43, 9, 60 और आठ रन बनाए हैं, जिनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 17 वर्ष की बीलवड बिजा का फॉर्म भी अहम होगा, जिन्होंने पिछले दो मैचों में चार और 62 रन बनाए हैं। मिचेले मावुंगा ने 23 गेंद में 29 रन बनाए थे, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे की कोशिश वापसी की होगी, जबकि भारत सीरीज अपने नाम करना चाहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments