स्मार्टफोन की दुनिया में जहां बड़ी स्क्रीन, टच कंट्रोल और नए एआई फीचर्स पर जोर दिया जा रहा है, वहीं एचएमडी ने एक ऐसा फोन पेश किया है जो पुराने फ्लिप डिजाइन के साथ एआई साथी का फीचर लेकर आया है। कंपनी ने एचएमडी 2660 फ्लिप सीनियर एडिशन लॉन्च किया है, जिसे खास तौर पर बुजुर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

मेरी नाम का एआई साथी क्या करता है
इस फोन का सबसे खास फीचर मेरी नाम का एआई साथी है, जिसे इनटच ने बुजुर्ग यूजर्स के लिए तैयार किया है। इसकी मदद से लोग बातचीत कर सकते हैं, सवालों के जवाब पा सकते हैं और गेम भी खेल सकते हैं। मेरी पिछली बातचीत याद रख सकता है, जिससे आगे की बातचीत ज्यादा व्यक्तिगत हो जाती है। इसे इस तरह बनाया गया है कि यह धीरे बोलता है और यूजर को जवाब देने के लिए समय देता है। फोन में इसके लिए अलग बटन भी दिया गया है, जिससे इस सर्विस को 24 घंटे इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ में इनटच की एआई साथी सर्विस का पांच घंटे का फ्री ट्रायल भी मिलता है।
रिमूवेबल बैटरी और 4जी सपोर्ट
फोन में 1,450mAh की बैटरी दी गई है, जिसे जरूरत पड़ने पर निकाला जा सकता है। कंपनी के मुताबिक यह 8.1 घंटे तक का टॉकटाइम दे सकती है। कनेक्टिविटी के लिए 4जी, ब्लूटूथ 5.0 और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट मिलता है। इसमें 0.3 मेगापिक्सल का रियर कैमरा एलईडी फ्लैश के साथ दिया गया है। इसके अलावा स्पीकर, दो माइक्रोफोन, एफएम रेडियो, एमपी3 प्लेयर और 3.5mm हेडफोन जैक भी मौजूद हैं। फोन को आईपी54 रेटिंग मिली है, जो धूल और पानी की छींटों से सुरक्षा देती है।
डिस्प्ले और दूसरे फीचर्स
एचएमडी 2660 फ्लिप सीनियर एडिशन में 2.8 इंच की क्यूवीजीए मेन स्क्रीन और 1.77 इंच की क्यूक्यूवीजीए बाहरी स्क्रीन दी गई है। इसके फ्लिप डिजाइन में फोन खोलकर कॉल रिसीव और बंद करके कॉल खत्म की जा सकती है। इसमें यूनिसोक टी107 प्रोसेसर, 64MB रैम और 128MB इंटरनल स्टोरेज मिलता है। माइक्रोएसडी कार्ड से स्टोरेज को 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन एस30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है।
कीमत और उपलब्धता
एचएमडी 2660 फ्लिप सीनियर एडिशन को ब्रिटेन में 79.99 पाउंड यानी करीब 10,100 रुपये की कीमत पर पेश किया गया है। यह फोन कोजी ब्लैक कलर में उपलब्ध है। बुजुर्गों के लिए सरल इस्तेमाल, बड़ी कीपैड वाली बनावट और एआई साथी की मौजूदगी इसे आम स्मार्टफोन से अलग बनाती है।

