अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बुलियन बाजार में इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। मुनाफावसूली की बिकवाली, मजबूत डॉलर और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर चिंता के चलते कीमती धातुओं में गिरावट का दौर जारी है। इसका असर शनिवार को इंदौर के सराफा बाजार में भी साफ दिखाई दिया, जहां सोना एक हजार रुपये टूट गया।

विदेशी बाजार में सोना 4000 डॉलर के नीचे
शुक्रवार को देर रात अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स पर सोना और टूट गया। सोने का वायदा 24 डॉलर की गिरावट के साथ 4000 डॉलर के नीचे आकर 3997 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। यह स्तर बाजार के लिए मनोवैज्ञानिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद सोना इस स्तर से नीचे फिसला है। विदेशी बाजार की इस कमजोरी का सीधा असर भारतीय बाजारों पर पड़ा और शनिवार को भी सोने में गिरावट जारी रही।
इंदौर में सोने के ताजा भाव
इंदौर के सराफा बाजार में शनिवार को सोना केडबरी एक हजार रुपये टूटकर 1,43,500 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। शुक्रवार को सोना 1,44,500 रुपये पर बंद हुआ था। सोना आरटीजीएस में 1,40,700 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया, जबकि 22 कैरेट सोना 1,28,950 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। इन भावों पर जीएसटी अतिरिक्त देना होता है। कारोबारियों का कहना है कि विदेशी संकेतों की कमजोरी के चलते स्थानीय बाजार में भी खरीदार सतर्क रुख अपना रहे हैं।
चांदी में नीचे के भाव पर खरीदारी लौटी
चांदी के मामले में तस्वीर थोड़ी अलग रही। कॉमेक्स पर चांदी वायदा में नीचे के स्तरों पर सटोरियों की सक्रियता से भाव 7 सेंट सुधरकर 53.92 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। इंदौर में भी नीचे के दामों पर लेवाली आने से चांदी में सुधार देखा गया। चांदी चौरसा 300 रुपये सुधरकर 1,99,200 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि शुक्रवार को यह 1,98,900 रुपये पर बंद हुई थी। चांदी आरटीजीएस में 1,94,700 रुपये और चांदी टंच 1,99,800 रुपये प्रति किलो बोली गई। चांदी का सिक्का 2,450 रुपये प्रति नग के भाव पर रहा।
आगे बाजार की दिशा क्या रहेगी
कारोबारियों के मुताबिक चांदी में फिलहाल बड़ी तेजी की उम्मीद कम नजर आ रही है, क्योंकि भारतीय बाजारों में चांदी का आयात बढ़ने पर भाव पर और दबाव आ सकता है। हालांकि एक ज्वैलर का कहना है कि आगे पुष्यनक्षत्र और धनतेरस की ग्राहकी को ध्यान में रखते हुए बाजार स्थिर हो सकते हैं। त्योहारी मांग के चलते आने वाले दिनों में सराफा बाजार की हलचल पर सभी की नजर रहेगी।

