रोटरी फ्रेंडशिप एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत अमेरिका के कैलिफोर्निया से आई चार सदस्यीय महिला दल ने इंदौर प्रवास के दौरान भारतीय संस्कृति, खानपान और ऐतिहासिक स्थलों का भरपूर आनंद लिया। दल की सदस्यों ने इंदौर के खानपान को दुनिया का सबसे स्वादिष्ट भोजन बताया। 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक चले इस प्रवास में अमेरिकी अतिथियों ने राजबाड़ा से लेकर मांडू तक की खूबसूरती को करीब से निहारा और शहर के आतिथ्य सत्कार से बेहद खुश नजर आईं।

कैलिफोर्निया से आई चार महिला सदस्यों की टीम
अमेरिका के कैलिफोर्निया रोटरी डिस्ट्रिक्ट 5160 से चार सदस्यीय महिला दल इंदौर पहुंचा था। इस दल का नेतृत्व रोटेरियन जॉय एलेडारस कर रही थीं। दल में पैगी ह्यूसटन, मिकी ली रिच और जॉसलीन पिटेल शामिल थीं। रोटरी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संस्कार कोठारी ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम में रोटरी क्लब इंदौर अपटाउन, रोटरी क्लब ऑफ इंदौर मेघदूत, सिटी और यूनाइटेड की सक्रिय सहभागिता रही। रोटरी फ्रेंडशिप एक्सचेंज चेयर माधुरी भरकतिया और अंतर्राष्ट्रीय सर्विस चेयर राजन बावेजा के प्रयासों से यह दल इंदौर आया। कार्यक्रम के समन्वयक पीडीजी अतुल गार्गव ने बताया कि प्रवास के दौरान चारों अतिथि महिलाओं को क्रमशः सुशील-रूबी मल्होत्रा, अतुल-मनीषा गार्गव, अनिल-तृप्ति खरिया और विनीत-डॉ. आराधना सहाय ने अपने निवास पर आत्मीय मेजबानी प्रदान की।
पारंपरिक परिधान और इंदौरी व्यंजनों का आनंद
डिस्ट्रिक्ट पब्लिक चेयर घनश्याम सिंह ने बताया कि माधुरी भरकतिया और राजन बावेजा की ओर से यशवंत क्लब में स्वागत रात्रिभोज का आयोजन किया गया। चारों अतिथियों ने भारतीय पारंपरिक परिधानों में स्वागत समारोह में शामिल होकर लजीज भारतीय व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। शहर भ्रमण के दौरान अमेरिकी दल ने राजबाड़ा, लालबाग, छत्रियां, द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, कैंसर केयर हॉस्पिटल राऊ और विशेष ज्यूपिटर अस्पताल का दौरा किया। मॉडर्न स्कूल में मिड ब्रेन एक्टिवेशन गतिविधि से प्रशिक्षित बच्चों की अद्भुत प्रस्तुति देखकर विदेशी मेहमान अचंभित रह गए और उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की। इसके साथ ही दल ने मांडू की ऐतिहासिक विरासत को भी करीब से जाना।
प्रोजेक्ट दृष्टि और सेवा कार्यों की सराहना
दल की चारों सदस्यों ने चोइथराम नेत्रालय में रोटरी क्लब ऑफ इंदौर अपटाउन द्वारा दृष्टिबाधित बच्चों के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट दृष्टि, अन्य सेवा प्रकल्पों और अध्यक्ष डॉ. आराधना सहाय के प्रयासों की सराहना की। दल के संपूर्ण भ्रमण कार्यक्रम के सफल संचालन में अतुल गार्गव और मनीषा गार्गव के साथ-साथ अनीश-सिम्मी मलिक, राकेश शर्मा, आलोक डे, डॉ. जी. के. पाराशर, मोहित जाखेटिया, शांतनु और शुभांगी का विशेष योगदान रहा। इंदौर प्रवास के बाद यह दल भोपाल, पन्ना, सागर और खजुराहो की यात्रा के लिए रवाना हो गया।

