back to top
Thursday, November 19, 2026
Homeराज्यइंदौर: 120 बाइक टैक्सी जब्त, रैपिडो चालकों का प्रदर्शन

इंदौर: 120 बाइक टैक्सी जब्त, रैपिडो चालकों का प्रदर्शन

इंदौर में ऑटो रिक्शा चालकों और रैपिडो बाइक टैक्सी चालकों के बीच विवाद गहरा गया है। दो दिन पहले रिक्शा चालकों ने ऑनलाइन रैपिडो बाइक टैक्सी बुक करवाई और अलग-अलग स्थानों पर पहुंचने के बाद उनके वाहनों को यातायात विभाग से जब्त करवा दिया। इस कार्रवाई में 120 से ज्यादा बाइक टैक्सियां जब्त की गईं। अब कार्रवाई के विरोध में रैपिडो चालक भी सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने पलासिया स्थित ट्रैफिक थाने पर प्रदर्शन किया।

चालकों की मांग: कार्रवाई कंपनी के खिलाफ हो

रैपिडो चालकों का कहना है कि यदि कार्रवाई करनी है तो रैपिडो कंपनी के खिलाफ की जाए। सरकार ने कंपनी को संचालन की मंजूरी दी है, फिर उनके वाहन क्यों जब्त किए जा रहे हैं। चालकों ने एकजुट होकर नारेबाजी की और कार्रवाई का विरोध जताया। उनका कहना है कि रोजगार नहीं मिलने के कारण वे परिवार का खर्च चलाने के लिए बाइक टैक्सी चला रहे हैं। कई चालक पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए भी यह काम कर रहे हैं। चालकों की मांग है कि कार्रवाई कंपनी के खिलाफ की जाए, उन्हें निशाना नहीं बनाया जाए।

शनिवार की बैठक के बाद हुई कार्रवाई

दरअसल, शनिवार को यातायात पुलिस कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई थी। इसमें इंदौर ऑटो रिक्शा महासंघ और कार टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने नियमों के बिना संचालित हो रही बाइक टैक्सियों के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव अधिकारियों पर बनाया। दोपहर में योजना के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और महासंघ के पदाधिकारियों ने ऑनलाइन बाइक टैक्सी बुक की। वे अलग-अलग स्थानों से नायता मुंडला आरटीओ कार्यालय, पलासिया चौराहा और विजयनगर आरटीओ कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बाइक चालकों को आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बाइक टैक्सियों को जब्त कर लिया।

ऑटो महासंघ का आरोप: 15 हजार से ज्यादा अवैध बाइक टैक्सी

ऑटो रिक्शा महासंघ के राजेश बिडकर ने बताया कि इंदौर में अवैध रूप से संचालित बाइक टैक्सियों की संख्या 15 हजार से ज्यादा हो गई है। उनका आरोप है कि इन चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असामाजिक तत्व नाम और धर्म बदलकर इनका संचालन कर रहे हैं।

दोनों पक्षों में तनाव बरकरार

बाइक टैक्सियां जब्त होने के बाद रैपिडो चालकों ने विरोध जताया है, वहीं ऑटो रिक्शा चालक बाइक टैक्सियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की मांग कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments