मध्य प्रदेश के इंदौर में अरबिंदो यूनिवर्सिटी के एनुअल फेस्ट ‘हार्मोनी’ के दौरान गुरुवार दोपहर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान फोड़े गए पटाखे की चिंगारी पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते पर जा गिरी, जिसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां वहां मौजूद विद्यार्थियों पर टूट पड़ीं। अचानक हुए हमले से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और अपनी जान बचाने के लिए विद्यार्थी इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में करीब 20 विद्यार्थी घायल हुए हैं। इनमें से 9 की हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सभी घायल विद्यार्थी मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं।

भागकर जान बचाते नजर आए विद्यार्थी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों के अचानक हमले से विद्यार्थियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कोई अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता नजर आया, तो किसी ने सिर और चेहरे को चुन्नी या कपड़े से ढक लिया। कुछ विद्यार्थी कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिपकर मधुमक्खियों से बचने की कोशिश करते दिखाई दिए। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें विद्यार्थियों के बीच मची भगदड़ और खुद को बचाने की कोशिश साफ नजर आ रही है। अचानक हुई इस घटना से फेस्ट में शामिल विद्यार्थियों में दहशत फैल गई।
पटाखे की चिंगारी से भड़का मधुमक्खियों का झुंड
एक विद्यार्थी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अरबिंदो कॉलेज में एनुअल फेस्ट ‘हार्मोनी’ आयोजित किया जा रहा था। इसमें करीब 250 विद्यार्थी मौजूद थे। इसी दौरान एक पटाखा फोड़ा गया, जिसकी चिंगारी पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गई। इसके बाद छत्ते से सैकड़ों मधुमक्खियां निकलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं और विद्यार्थियों पर हमला कर दिया।
सिर, चेहरे और गर्दन पर लगे डंक
मधुमक्खियों के हमले में घायल विद्यार्थियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। किसी के सिर पर, तो किसी के चेहरे, हाथ और गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर डंक लगे हैं। अस्पताल में सभी प्रभावित विद्यार्थियों को जरूरी उपचार के साथ इंजेक्शन दिए गए। जानकारी के मुताबिक, 9 विद्यार्थियों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और फेस्ट के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

