चातुर्मास की समाप्ति के साथ ही इंदौर में एक बार फिर शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगी है। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। अगले पांच महीनों तक शहर में शादियों का मौसम रहेगा और इस दौरान विवाह के 27 शुभ मुहूर्त पड़ेंगे। इंदौर में दो माह पहले से ही शादियों के लिए गार्डन और धर्मशालाएं बुक हो चुकी हैं, जिससे साफ है कि इस बार का वैवाहिक सीजन काफी भव्य रहने वाला है।

फरवरी में सबसे ज्यादा शादियां
इस देव प्रबोधिनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे और चातुर्मास समाप्त होने के बाद सभी शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। इस बार इंदौर में सबसे ज्यादा शादियां फरवरी में होंगी। फरवरी में शुभ विवाह के नौ मुहूर्त हैं, जबकि जनवरी और मार्च में विवाह के पांच-पांच मुहूर्त हैं। अनुमान है कि इस सीजन में इंदौर में एक हजार से ज्यादा विवाह होंगे।
100 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान
इंदौर में इस वैवाहिक सीजन में 100 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इंदौर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी का कहना है कि इंदौर में विवाह समारोहों पर कई परिवारों का बजट करोड़ों रुपये में होता है। इंदौर के अलावा मांडू और महेश्वर में भी डेस्टिनेशन वेडिंग हो रही हैं। इंदौर के तीन-चार परिवारों ने उदयपुर में भी पैलेस बुक किए हैं। इससे होटल, गार्डन, कैटरिंग, सजावट और अन्य संबंधित कारोबार को भी बड़ी बढ़त मिलने की उम्मीद है।
छोटी दीपावली पर घरों में तुलसी विवाह
देवउठनी एकादशी को छोटी दीपावली भी कहा जाता है। इस मौके पर शुक्रवार को घरों में तुलसी विवाह का उत्सव होगा। गुरुवार को शहर में कई स्थानों पर गन्ने और पूजन सामग्री की जमकर बिक्री हुई। शहरवासी शुक्रवार को तुलसी पूजन के बाद पटाखे छोड़ेंगे। शहर में एक बार फिर दीपावली जैसा नजारा दिखाई देगा। शहर के कई मंदिरों में भी तुलसी विवाह के आयोजन होंगे और शाम को विशेष आरती और अनुष्ठान किए जाएंगे।

