धनतेरस के शुभ मौके पर इंदौर का ऑटो बाजार इस बार रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में है। शहर भर में शुक्रवार को एक ही दिन में करीब 500 करोड़ रुपये की गाड़ियां ग्राहकों को सौंपी जाएंगी। ऑटो डीलरों के मुताबिक इस दिन लगभग 3,500 कारों और करीब 10,000 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी होगी। डिलीवरी में करीब 2.5 करोड़ रुपये तक की लग्जरी कारों से लेकर करीब एक लाख रुपये के दोपहिया वाहन तक शामिल हैं। धनतेरस को वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त मानकर ग्राहक बड़ी संख्या में शोरूम पहुंच रहे हैं।
![]()
बड़े शोरूमों में 200-300 कारों की डिलीवरी, मैरिज हॉल तक बुक
शहर के लगभग सभी बड़े शोरूमों में शुक्रवार को 200 से 300 कारों की डिलीवरी की तैयारी है। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ डिलीवरी संभालने के लिए डीलरों ने शोरूम से बाहर भी इंतजाम किए हैं। कई डीलरों ने ग्राहकों की सुविधा और वाहनों के हस्तांतरण के लिए मैरिज हॉल और बैंक्वेट हॉल किराए पर लिए हैं, जबकि कुछ ने अपने गोदामों में डिलीवरी की व्यवस्था की है। इससे शोरूमों में भीड़ कम होगी और एक साथ कई डिलीवरी आसानी से हो सकेंगी। दोपहिया खंड में भी भारी हलचल रहेगी और पूरे शहर में करीब 10,000 वाहन सौंपे जाएंगे।
पुष्य नक्षत्र से ही तेज मांग, इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 5 फीसदी
इंदौर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विशाल पमनानी के मुताबिक पूरे त्योहारी सीजन में मांग अच्छी बनी रही है। पुष्य नक्षत्र पर मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब डीलर धनतेरस पर भी जोरदार बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डिलीवरी शुक्रवार सुबह से शुरू होगी और देरी से बचने के लिए बीमा व दस्तावेजों की सभी औपचारिकताएं गुरुवार को ही पूरी कर ली गई थीं। डीलरों ने ग्राहकों के इंतजार का समय कम करने के लिए खास इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को होने वाली कार डिलीवरी में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी करीब 5 फीसदी रहने का अनुमान है, जो शहर में ईवी की धीरे-धीरे बढ़ती मौजूदगी को दिखाता है।

